फरीदकोट में किसान संगठनों के पंजाब बंद के दौरान किसानों द्वारा दुकानों समेत सरकारी संस्थानों को जबरन बंद कराने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। यहां के ब्लॉक प्राइमरी शिक्षा अधिकारी (BPEO) के दफ्तर को बंद कराने पहुंचे किसानों की ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जगतार सिंह के साथ बहसबाजी हो गई जो गाली-गलौज तक पहुंच गई । विवाद बढ़ने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाया। दरवाजा तोड़ने का आरोप किसान नेता शरणजीत सिंह सरां ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने ब्लॉक शिक्षा दफ्तर को बंद करने के लिए कहा तो ब्लॉक प्राइमरी शिक्षा अधिकारी ने किसानों के साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया और किसानों को अपशब्द भी बोले। दूसरी तरफ शिक्षा अधिकारी जगतार सिंह ने किसानों पर गुंडागर्दी करके उनके कार्यालय का दरवाजा तोड़ने और शराब पीकर उनके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। जानकारी पाकर मौके पर पहु़ंची स्थानीय पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।


