फसलों की एमएसपी की गारंटी कानून सहित और मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में आज पंजाब बंद है। किसानों ने सुबह 7 बजे से नेशनल हाईवे, रेलवे ट्रैक बंद किया हुआ है। जिला नवांशहर के ज्यादातर कस्बों में दुकान खुली दिखाई दी, वही नवांशहर के बस स्टैंड में कोई भी सवारी दिखाई नहीं दी तथा वहां पर पनबस ऑपरेटर यूनियन नवांशहर की तरफ से किसानों को समर्थन के तहत बसें बंद रखी गई। कस्बा बलाचौर में भी कुछ ही दुकानें बंद रही, ज्यादातर बाजार खुला रहा। नवांशहर का रेलवे रोड भी खुला रहा। फल फ्रूट, सब्जी, स्वीट शॉप की दुकानें खुली रही। सिटी थाना बलाचौर की पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद रही और उन्होंने कहा कि किसान यूनियन की तरफ से कोई भी दुकान बंद नहीं करवाई गई। बसों और ट्रेनें बंद होने के कारण ज्यादातर लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अपने गंतव्य की ओर जाने के लिए लोगों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। ज्यादातर लोग बस स्टैंड पर आकर खड़े दिखाई दिए, जिन्होंने दूर दराज जाने के लिए बसों और ट्रेनों में जाना था। नौकरी पैशा लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।


