खिरकिया में किसानों ने तीन बार किया चक्काजाम:टोकन वितरण पर माने, आज 215 लोगों को 2000 बोरी यूरिया दिया

हरदा-खंडवा स्टेट हाईवे पर खिरकिया के छीपाबड़ DMO गोदाम के सामने मंगलवार को खाद की किल्लत से परेशान किसानों ने तीन बार चक्का जाम कर दिया। यह विरोध प्रदर्शन सुबह 8 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चला। किसानों का कहना था कि उन्हें खाद के टोकन तक नहीं मिल पा रहे हैं और बार-बार चक्कर कटवाए जा रहे हैं। दोपहर में किया गया चक्का जाम करीब 45 मिनट तक जारी रहा। इसके बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाइश दी और टोकन वितरण की प्रक्रिया शुरू की, जिसके बाद किसानों ने चक्का जाम समाप्त किया। खिरकिया ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शंकर सिंह सोलंकी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों के साथ छल और गलत व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान सोमवार रात से ही लाइन में लगे हुए थे, लेकिन उन्हें न तो समय पर खाद मिल रही है और न ही संतोषजनक जवाब। उन्होंने अधिकारियों पर किसानों की अनदेखी का आरोप भी लगाया। वहीं, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी टी. आर. चौहान ने जानकारी दी कि मंगलवार को 215 किसानों को कुल 2000 बोरी यूरिया का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि एक किसान को एक एकड़ पर एक बोरी और अधिकतम 10 बोरी यूरिया देने का प्रावधान है। मंगलवार को करीब 900 किसानों को टोकन बांटे गए, और उपलब्धता के आधार पर वितरण किया जा रहा है। मंगलवार को यूरिया की रेक आने के बाद बुधवार को भी 2000 बोरी यूरिया का वितरण किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को अचानक किसानों की भीड़ बढ़ने से हालात बिगड़े और जाम की स्थिति बनी, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *