दिग्विजय सिंह बोले- भाजपा धर्मांतरण पर राजनीति कर रही:बैतूल में कहा- आदिवासियों को ‘वनवासी’ बताकर अस्मिता मिटाने की कोशिश

कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह मंगलवार को बैतूल पहुंचे। उन्होंने आदिवासियों की पहचान और धर्म को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा पूरी तरह संकुचित है। यह पार्टी न तो संविधान समझती है और न ही भारत की असली परंपरा को। भाजपा आदिवासियों को “वनवासी” बताकर उनकी अस्मिता मिटाना चाहती है, जबकि सच यह है कि भारत की सबसे पुरानी आबादी आदिवासियों की रही है। दिग्विजय सिंह ने कहा- “हम सब तो सेंट्रल एशिया से आए हैं, असली हक और पहला अधिकार तो आदिवासियों का ही है। वे प्रकृति के पूजक हैं और संविधान उन्हें अपनी आस्था के अनुरूप धर्म पालन का पूरा अधिकार देता है। फिर भाजपा क्यों आलोचना करती है?” धर्म परिवर्तन अपराध नहीं
पूर्व सीएम ने साफ कहा कि धर्म परिवर्तन अगर आस्था और स्वप्रेरणा से होता है तो अपराध नहीं है, लेकिन जबरदस्ती या प्रलोभन से धर्मांतरण स्वीकार्य नहीं। भाजपा इस मुद्दे को सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए उठाती है। आदिवासी कांग्रेस सशक्तिकरण शिविर में शामिल हुए
दिग्विजय सिंह भैंसदेही में मध्यप्रदेश आदिवासी कांग्रेस द्वारा आयोजित लीडरशिप डेव्हलपमेंट शिविर के समापन समारोह में शामिल हुए। आदिवासी कांग्रेस ने यह तीन दिन का आदिवासी कांग्रेस सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया था। विक्रांत भूरिया राष्ट्रीय अध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस ने बताया कि राहुल गांधी ने आदिवासी कांग्रेस को पूरे देश में युवा आदिवासी नेतृत्व तैयार करने की जिम्मेदारी दी है। जिसके तहत हम प्रदेश में आदिवासी अधिकार और सशक्तिकरण शिविर करवाते हैं। उसके बाद हर जिले में जाकर यह शिविर करवा रहे हैं। इसका उद्देश्य यही है कि युवा पीढ़ी को पता रहे कि कांग्रेस ने देश के लिए क्या किया आदिवासी के क्या अधिकार हैं। किस तरह से देश में उनका शोषण हो रहा है। इस दौरान आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम और जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद बैतूल पहुंचे दिग्विजय सिंह ने कोठी बाजार स्थित डागा हाउस में कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से भी चर्चा की। उन्होंने बैठक में कार्यकर्ताओं को पार्टी की मजबूती के गुर सिखाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *