अंता में एक निजी क्लिनिक पर इलाज के दौरान लापरवाही करने का मामला सामने आया है। भोजयाखेड़ी के 60 वर्षीय रामपाल गुर्जर की मौत के बाद परिवार ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मंगलवार को रामपाल की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें डॉक्टर मेघराज नागर के क्लिनिक ले गए। डॉक्टर ने रामपाल को दो-तीन इंजेक्शन लगाए जिसके बाद मरीज की हालत और खराब हो गई। परिजन तुरंत उन्हें अंता उप जिला चिकित्सालय ले गए जहां चिकित्सकों ने रामपाल को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र अनिल ने अंता थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने निजी क्लिनिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। उप जिला चिकित्सालय में ड्यूटी पर तैनात डॉ. पारस ने पुष्टि की कि जब परिजन मरीज को लेकर पहुंचे, तब जांच में उन्हें मृत पाया गया। घटना की सूचना पर अंता प्रधान प्रखर कौशल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से स्थिति की जानकारी ली। मामले की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया। बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं, दूसरी तरफ ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी एसपी गर्ग ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है कि मामले को लेकर जांच की जा रही है और जांच के बाद जो परिणाम सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


