राजस्थान पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कुमार शर्मा ने भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों को साफ और कड़ा मैसेज दिया। कहा- फील्ड पोस्टिंग में ईमानदार को प्राथमिकता मिलेगी, भ्रष्ट अफसरों की फील्ड पोस्टिंग नहीं लगाई जाएगी। DGP राजीव कुमार शर्मा ने मंगलवार को बाड़मेर में जोधपुर रेंज के पुलिस अधीक्षकों की क्राइम मीटिंग ली। इसके बाद प्रेसवार्ता में उन्होंने राजस्थान पुलिस से संबंधित महत्वपूर्ण बातें कहीं। DGP ने की 5 महत्वपूर्ण बातें.. नवाचार से ज्यादा जरूरी बेसिक पुलिसिंग डीजीपी ने कहा- नवाचार से जरूरी बेसिक पुलिसिंग है। गश्त की व्यवस्था, लोगों से जुड़ाव, क्राइम कंट्रोल, जन सहयोग जरूरी है। लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखने की जरूरत है। लोग हम पर विश्वास करेंगे तो हमें आसपास हो रही गतिविधियों की सूचना समय पर देंगे। पुलिस का सारा स्टाफ फील्ड में भी सक्रिय रहे। ताकि लोग भरोसा कर सकें। केंद्रीय गृह मंत्री के निर्देश पर लगातार कई केंद्रीय संस्थान समय-समय पर इस बारे में गहन रिसर्च कर रहे हैं कि पुलिस के सामने क्या चुनौतियां आ रही हैं। कौन सी नई टेक्नोलॉजी चाहिए। क्या तौर-तरीके बदलने की जरूरत है। हर साल राज्यों की इसकी जानकारी दी जाती है। संसाधन दिए जाते हैं। अच्छी तकनीक एक राज्य से दूसरे राज्य पहुंचती है। डीजीपी ने एसआई भर्ती में नकल गिरोह के सवाल पर कहा- गलत चीज बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हमारी एसओजी छोटी से छोटी शिकायत पर गंभीर है। ऐसे कृत्य में कोई व्यक्ति लिप्त है, उस पर कार्रवाई करना हमारा प्रमुख दायित्व है। CLG सदस्यों में युवाओं को शामिल करें डीजीपी ने कहा- हम जनता से जुड़ने के प्रयास कर रहे हैं। रात्रि चौपाल के जरिए लोगों तक पहुंच सकते हैं। युवाओं को ज्यादा से ज्यादा साथ जोड़ना चाहेंगे। हम चाहेंगे 18 से 25 साल के युवा हमारे साथ जुड़ें। हम थानाधिकारियों को कह रहे हैं कि सीएलसी सदस्यों में युवाओं को शामिल करें। उनके साथ खेलकूद गतिविधियों मे शामिल हों। करियर के लिए उनका मार्गदर्शन करें। युवा सक्षम हैं। उसमें एनर्जी है। उसकी एनर्जी को यूज करें। उसे गाइड करें। युवा थानों में जाएं और अधिकारियों से बात करें। गाइडेंस लें। युवा फर्जी पेपर खरीदने और नकल करने की दिशा में चले जाते हैं। उन्हें चाहिए कि मां-बाप का पैसा अच्छे काम में खर्च करें। युवाओं को उल्टा रास्ता छोड़कर सीधा रास्ता अपनाना चाहिए। क्राइम बैठक में जोधपुर रेंज आईजी राजेश मीणा DIG कुंवर राष्ट्रदीप, बाड़मेर एसपी सहित जोधपुर रेंज के जैसलमेर, बालोतरा, जालौर, सिरोही, जोधपुर ग्रामीण फलोदी पाली के एसपी मौजूद रहे।


