बच्चों से बुजुर्गों तक सभी को मिलेगा लाभ, न्यू राजगुरु नगर को मिला पहला पार्क

भास्कर न्यूज | लुधियाना न्यू राजगुरु नगर की जनता की 20 साल पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। इलाके में अब एक सुंदर और साफ-सुथरा पार्क तैयार किया जा रहा है, जिसकी पहल खुद इलाके के सरपंच निखिल शर्मा ने की है। निखिल शर्मा ने बताया कि जिस जगह यह पार्क बन रहा है, वहां पहले कूड़े का डंप था और आस-पास बदबू व गंदगी से लोग परेशान थे। पूर्व की सरकारों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया, लेकिन अब 285 गज के इस प्लॉट को पूरी तरह से साफ करके पार्क में बदला जा रहा है।उन्होंने बताया कि पार्क में बच्चों के खेलने के लिए झूले, बुजुर्गों के लिए ओपन जिम और पैदल चलने वालों के लिए वॉकिंग ट्रैक तैयार किया जा रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस पार्क के निर्माण में आने वाला सारा खर्च पंचायत खुद वहन कर रही है, ताकि किसी भी तरह की देरी न हो और लोगों को जल्दी से सुविधा मिल सके। सरपंच ने ये भी कहा कि पार्क में ऐसे पौधे लगाए जाएंगे जो स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हों और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखें। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट को सफल बनाने के लिए उन्होंने खुद कई दिनों तक मेहनत की और रोजाना साइट पर निगरानी रखी। इस मौके पर पंच कमलजीत सिंह ने बताया कि इलाके की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वे ऐसे लोगों की जांच करवा रहे हैं जो बिना वेरिफिकेशन के इस क्षेत्र में रह रहे हैं, ताकि पार्क में कोई संदिग्ध व्यक्ति न घुसे और आम लोग बिना डर के समय बिता सकें। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि यह पार्क आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतरीन तोहफा साबित होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *