जयपुर। प्रदेश में युवाओं को रोजगारपरक कौशल देने के उद्देश्य से एम्पलॉयर्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (ईएआर) ने कौशल, रोजगार और उद्यमिता निदेशालय तथा सीमेंस इंडिया के सहयोग से इंडस्ट्री-अकादमिक मीट आयोजित की। इसमें प्रदेश के 14 हजार आईटीआई प्रशिक्षुओं को उद्योगों में इन प्लांट ट्रेनिंग के लिए समझौता किया गया। सीमेंस के प्रोजेक्ट ‘इग्नाइट’ के तहत आयोजित इस मीट का लक्ष्य आईटीआई सेंटरों पर जर्मन वोकेशनल एजुकेशन एंड ट्रेनिंग देकर युवाओं को वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षित करना है। मीट में उद्योग, अकादमी, आईटीआई संस्थान और सरकार के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। ईएआर के अध्यक्ष एन.के. जैन ने इस कहा कि इन प्लांट ट्रेनिंग से इंडस्ट्री की वास्तविक आवश्यकता और अकादमिक सिलेबस के बीच की दूरी समाप्त की जा सकेगी। मीट में उद्यमिता निदेशालय के संयुक्त निदेशक नीरज माथुर और ईएआर जॉब्स पॉइंट की पूजा गुप्ता उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उन उद्योगों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने आईटीआई के अभ्यर्थियों को इन-प्लांट ट्रेनिंग उपलब्ध कराई है।


