तिलैया डैम ओपी क्षेत्र अंतर्गत विरसोडीह पंचायत के जमकट्टी गांव के समीप सिंगारडीह खेल मैदान से मंगलवार की रात एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान हड़ाही पंचायत के चमगुदो खुर्द निवासी 30 वर्षीय गोवर्धन साव उर्फ मोदी साव, पिता स्व. रामू साव के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। घर से निकला और नहीं लौटा ग्रामीण मनोज साव ने बताया कि गोवर्धन मंगलवार की शाम घर से बिना बताए निकला था। शाम करीब 6 बजे उसे चंदवारा-केटीपीएस मुख्य मार्ग के फोरलेन चौक के पास देखा गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहीं से दो युवक उसे अपने साथ मोटरसाइकिल पर बिठाकर सिंगारडीह की ओर ले गए थे। इसके बाद से वह घर नहीं लौटा। चेहरे पर गंभीर जख्म के निशान ग्रामीणों का कहना है कि शव के चेहरे पर गंभीर जख्म के निशान पाए गए हैं। इससे साफ लग रहा है कि उसकी हत्या पत्थर से कूच कर की गई है। मनोज साव ने आशंका जताई कि आरोपियों ने पहले गोवर्धन को शराब पिलाकर नशे की हालत में किया, फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर शव को खेल मैदान में फेंक दिया। पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना पाकर तिलैया डैम ओपी प्रभारी प्रेम कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। पुलिस अब उन दोनों युवकों की तलाश में जुटी है जिन्हें मृतक के साथ जाते हुए देखा गया था। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ मृतक गोवर्धन साव चंदवारा थाना क्षेत्र स्थित एफसीआई गोदाम में मजदूरी करता था। वह शादीशुदा था और उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। अचानक हुए इस हादसे से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग घटना की निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


