सागर जिले की सुरखी विधानसभा के ग्राम बरौदा में प्रदेश का सबसे बड़ा नमो फ्रूट फॉरेस्ट तैयार किया जा रहा है। यहां केवल फलदार पौधे लगाए जाएंगे। शुरुआत में 21 हजार पौधों का रोपण किया जा रहा है। आगे चलकर 70 एकड़ जमीन पर 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है। मंगलवार को खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कलेक्टर संदीप जीआर के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर इस स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री राजपूत ने करीब 3 किमी तक ट्रैक्टर खुद चलाया। उन्होंने पौधरोपण की स्थिति, सिंचाई व्यवस्था और पौधों की देखरेख की जानकारी ली। साथ ही स्थानीय लोगों की भागीदारी पर भी चर्चा की। सेवा पखवाड़े में 21 हजार पौधों का रोपण मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम चल रहा है। इसी के तहत बरौदा राजघाट के पास नमो फ्रूट फॉरेस्ट में 21 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रदेश का पहला फ्रूट उद्यान है, जिसमें केवल फलदार पौधे लगाए जाएंगे। लक्ष्य 10 लाख पौधों का है, जिसके लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है। महिलाओं के स्व-सहायता समूह को सौंपा जाएगा प्रोजेक्ट फ्रूट फॉरेस्ट तैयार होने के बाद इसे महिलाओं के स्व-सहायता समूह को सौंपा जाएगा। यहां फूड प्रोसेसिंग और कुटीर उद्योग भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। मंत्री राजपूत ने कहा कि तालचिरी में भी 10 एकड़ में नमो फ्रूट उद्यान तैयार हो रहा है। आम, अमरूद, कटहल और आंवला जैसे पौधे लगाए जा रहे फ्रूट फॉरेस्ट में आम, अमरूद, कटहल, आंवला, नींबू, सीताफल और अनार समेत हजारों पौधे लगाए जा रहे हैं। मंत्री राजपूत ने ग्रामीणों से पौधों की देखरेख और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। प्रशासन को दिए निर्देश मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे हों। पौधों की नियमित देखरेख और सिंचाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, एसडीएम रोहित वर्मा और जनपद पंचायत सीईओ राम सोनी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


