ग्वालियर में व्यवसाय के टशन में जानलेवा हमला:कांच की बोतल फोड़कर बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर के पेट में मारी, हालत गंभीर

ग्वालियर में व्यापार की टशन (एटिट्यूट) में एक बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर पर उसके ही प्रतियोगी व्यापारी ने कांच की बोतल से जानलेवा हमला किया है। आरोपियों ने कांच की बोतल फोड़कर बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर के पेट में कई वार किए। घटना मंगलवार रात गोला का मंदिर जड़ेरूआ बांध इलाके की है। हमला करने के बाद आरोपी भाग गए। घटना के बाद घायल को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया है और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। आरोपी ने बोला था काम बंद कर दो
शहर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के जड़ेरूआ स्थित पिंटो पार्क में 40 वर्षीय अरुण पुत्र जंडेल सिंह यादव रहते हैं। वे बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर हैं और पिंटो पार्क से ही अपना व्यवसाय करते हैं। पास ही रहने वाला मनीष यादव भी बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई करता है। व्यवसाय में कॉम्पटीशन के चलते कुछ दिन पहले मनीष ने अरुण से काम बंद करने को बोला था, जिस पर उनके बीच विवाद हो गया था, लेकिन आसपास के लोगों के बीच-बचाव कराने पर मामला शांत हो गया था।
टहलने निकला था व्यापारी, आरोपियों ने किया हमला
मंगलवार रात को खाना खाने के बाद अरुण टहलने निकला था। घर से कुछ दूरी पर मनीष यादव ने अपने भाइयों सोनू यादव, नितिन यादव और प्रशांत यादव के साथ घेर लिया। इसके बाद गालीगलौज कर मारपीट शुरू कर दी और कांच की बोतल तोड़कर उसके पेट और हाथ में मार दी। जिससे अरुण जमीन पर गिर गया। इसी बीच अरुण का छोटा भाई रवि यादव व अन्य वहां पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें छोड़कर भाग निकले।
निजी अस्पताल में भर्ती
घायल अरुण को लेकर रवि बिड़ला अस्पताल पहुंचा, जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने फरियादी के बयान ले लिए हैं।
पुलिस का कहना
गोला का मंदिर थाना प्रभारी हरेन्द्र शर्मा का कहना है कि आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं। उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *