रतलाम के बिलपांक थाना पुलिस ने 50 पेटी अवैध शराब पकड़ी है। पुलिस को देख शराब से भरी पिकअप लेकर ड्रायवर व उसका साथी वाहन को भगा ले गया। पुलिस ने पीछा किया तो कच्चे रास्ते में ड्रायवर व साथी पिकअप छोड़ अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग गए। रतलाम पुलिस द्वारा लगातार अवैध शराब को लेकर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बिलपांक थाना पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर थाना प्रभारी अयुब खान, पुलिस चौकी धराड़ व सायबर सेल टीम द्वारा संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक MP 43 JZ 0483 में दो व्यक्ति अवैध शराब व बियर लेकर नलकुई – भाटी बड़ौदिया रोड पर खड़े हैं। सूचना पर टीम बनाकर पुलिस ने घेराबंदी की। मौके पर पहुंचने पर पुलिस टीम को देखते ही वाहन चालक व उसका साथी वाहन लेकर भागे। पीछा करने पर वाहन को नलकुई गांव पार कर कच्चे रास्ते पर रोका। इस दौरान दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। ढाई लाख से अधिक कीमत पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें कुल 30 पेटी देसी प्लेन शराब, 6 पेटी देसी मसाला शराब, 14 पेटी पावर बियर कुल 50 पेटी (464 बल्क लीटर) अवैध शराब मिली। जिसकी कीमत 2 लाख 53 हजार 200 रुपए है। बिलपांक थाना पुलिस ने ड्रायवर व उसके साथी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान ने बताया दोनों आरोपी की तलाश की जा रही है।


