बेकाबू ट्रक के सड़क पर लोगों को रौंदने के बाद भी इंदौर पुलिस ने कोई सबक नहीं लिया। मंगलवार को राजबाड़ा क्षेत्र में एएसआई रामअवतार दीक्षित ने महज 1500 रुपए में एक मिनी ट्रक को नो एंट्री में प्रवेश दे दिया। घूस की रकम पास की दुकान में ऑनलाइन जमा करा ली। भास्कर के पास इसके फोटो-वीडियो सुरक्षित हैं। एएसआई ने पहले मिनी ट्रक (आयशर) को रोका और पांच हजार रुपए का चालान बनाने की धमकी दी। बाद में ट्रक मालिक से बात कर मोलभाव करने लगे। 1500 रुपए में सौदा तय होते ही पास के गुरुकृपा कलेक्शन के बार कोड पर पैसे ट्रांसफर करा लिए। इसका स्क्रीनशॉट भी भास्कर के पास सुरक्षित है। भास्कर ने दुकानदार से सवाल पूछा तो उन्होंने कहा, हमें यहां रहकर धंधा करना है, पुलिस से दुश्मनी नहीं कर सकते। वो दिन में कई बार हमारे खाते में पैसे डलवाते हैं और शाम को पैसा ले जाते हैं। कई अन्य दुकानें भी हैं, जिनके खाते में पुलिसवाले पैसे डलवाते हैं। उधर, ड्राइवर गणेश ने बताया कि बाद में दो जगह और रोका गया, जैसे ही बताया कि पैसे देकर आ रहे हैं तो छोड़ दिया। दुकानदार के क्यूआर कोड से ली 1500 रुपए की घूस मैं आकर मिल लेता हूं
^आपको गलत जानकारी है, आप कहां हैं, बताइए। मैं आपसे आकर मिलता हूं, अभी। अपना एड्रेस शेयर कीजिए।- रामअवतार दीक्षित, ASI ट्रैफिक
इस मामले में एडिशनल सीपी से कह रहा हूं, वे बात करके कार्रवाई करेंगे…। – संतोष सिंह, CP इंदौर


