​​​​​​​50-लाख का बीमा करवाकर प्रेमी से करवाया पति का मर्डर:बेहोशी की हालत में हाईवे पर फेंक गाड़ी से कुचला; पत्नी, साली समेत 3 गिरफ्तार

50 लाख रुपए की बीमा राशि के लिए पति को शराब पिलाई। बेहोशी की हालत में उसके सिर पर डंडे से वार किए। फिर एक्सीडेंट का रूप देने के लिए हाईवे पर गाड़ी से कुचल दिया। यह चौंकाने वाला खुलासा आज(सोमवार) बांसवाड़ा जिले के एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने किया। मामले में मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और मृतक की साली को गिरफ्तार किया है। जबकि दो अन्य सहयोगी की तलाश जारी है। जानकारी में सामने आया कि करीब 6 बीमा कंपनियों से मृतक का बीमा करवाया गया था। जिसके तहत साजिश के तहत पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। एसपी हर्षवर्धन अगरवाला ने बताया- 25 दिसंबर की रात करीब 10.10 बजे कलिंजरा थानाधिकारी विक्रम सिंह ने सदर सीआई बुद्धाराम को सूचना दी। बताया कि नेशनल हाईवे 56 पर एक अज्ञात व्यक्ति की लाश अर्धनग्न अवस्था में घीवापाडा से पाड़ीकला रोड के बीच सडक किनारे मिली है। लाश के सिर को बुरी तरह से कुचला गया था, जिससे मांस कई जगहों से बाहर आ चुका है। लाश के दाहिने हाथ पर अंग्रेजी में KALU गुदा हुआ था। फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की गई। सोशल मीडिया की मदद से अज्ञात लाश की पहचान कालू(37) पुत्र रामा कटारा निवासी पलोदरा के रूप में हुई। जाप्ता मौके पर पहुंचा। निरीक्षण किया तो लाश के पास खून से सने कपड़े शर्ट एवं टीशर्ट पड़े मिले। कालीपान गांव जाने वाले कच्चे रास्ते पर अलग-अलग 15 जगहों पर करीब 200- 220 फीट तक खून पड़ा हुआ मिला। एफएसएल और एमओबी की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। जासूसी करने पर मिले सुराग
डीएसपी गोपीचंद मीणा ने बताया- मामले की जांच के लिए अलग- अलग टीमें बनाई। पुलिस टीम ने मृतक के परिजनों की जासूसी करना शुरू कर दिया। मृतक कालू की आदतों और उसके परिजनों के संबंध में गोपनीय जानकारी जुटाई तो पता चला कि मृतक की पत्नी कान्ता और उसकी बहन कमला ने अपने साथी दिनेश मईडा के साथ मिलकर वारदात की थी। बजाज एलायंस समेत 5 कंपनियों से करवाया लाखों का बीमा
मृतक के नाम पर बजाज एलायंस, एस.बी.आई., एल.आई.सी. एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना व लोन आदि से लगभग 50 लाख के अलग-अलग बीमे करवाए गए थे। इसमें करीब 24 लाख का बीमा नवंबर 2024 में ही करवाया था। मृतक की पत्नी कान्ता एवं उसकी बहन कमला पर नजर रखी गई तो संदेह हुआ। बाद में कांता के प्रेमी पर संदेह हुआ तो पुलिस उसके घर पलोदरा गई। जहां आरोपी पुलिस को देख भाग गया। पीछा कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने पूरी जानकारी दी, जिसके बाद दोनों महिलाओं को भी गिरफ्तार कर लिया गया। हत्या करने के बदले 15 लाख रुपए देना तय किया
आरोपियों ने पूछताछ में बताया- मृतक कालू शराबी था। कोई काम नहीं करता था। मृतक की पत्नी कांता के बच्चे सालिया में एक स्कूल में पढ़ते है। आरोपी दिनेश स्कूल की गाड़ी चलाता था। वह कांता के बच्चों से कोई किराया नहीं लेता था। इसी से कांता और दिनेश करीब आ गए। इसकी जानकारी कांता की बहन कमला को भी थी। सीआई सदर बुधाराम विश्नोई ने बताया- इस साल अप्रैल 2024 में इन तीनों ने मिलकर मृतक के भारी बीमे करवाए। फिर उसकी हत्या करने की प्लानिंग की। यह प्लानिंग कमला के घर पर बैठकर कमला, कांता और दिनेश ने बनाई थी। घटना को अंजाम देने के लिए दोनों बहनों ने दिनेश को 15 लाख रुपए देने का वादा किया था। रोड एक्सीडेंट देने का रूप देने के लिए सिर कुचला
दिनेश अपने साथी विनोद और श्रवण निवासी लांबा वड़ाला के साथ 25 दिसंबर की शाम को कालू को पलोदरा से अपनी ईको गाड़ी में बैठाकर बांसवाडा लाया। वहां से शराब खरीदी और बेहोश करने की गोलियां शराब में मिलाकर कालू को पिलाई। तीनों ने बेहोशी की हालत में सीट बैल्ट की सहायता से कालू को आगे वाली सीट पर बैठाया। घटनास्थल पर ले जाकर अपने साथियों की मदद से सिर पर वार किए। मृतक की लाश को सड़क हादसे का रूप देने के लिए हाईवे पर फेंक कर उस पर अपनी गाड़ी चढ़ा दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *