सतना में कर अपवंचन की जांच के तहत स्टेट जीएसटी की टीम ने मंगलवार को शहर के 5 प्रमुख ड्राई फ्रूट्स कारोबारियों के यहां छापेमारी की। तारवानी ग्रुप की चार फर्मों सहित अन्य प्रतिष्ठानों में की गई इस कार्रवाई में टीम को कथित काजू फैक्ट्री नहीं मिली। 10 घंटे से ज्यादा चली कार्रवाई
स्टेट जीएसटी के संयुक्त आयुक्त उमेश तिवारी के निर्देशन में दोपहर 1 बजे शुरू हुई कार्रवाई में जयस्तंभ चौक स्थित सुशील ट्रेडिंग कंपनी, रेलवे स्टेशन रोड के संजय ड्राई फ्रूट्स, गांधी चौक स्थित मोहनी स्पाइसेस, खेरमाई रोड के संजय ड्राई फ्रूट्स एक्सक्लूसिव और ईदगाह चौक स्थित केएमडी ट्रेडर्स को निशाना बनाया गया। साथ ही खजुरी टोला रोड स्थित एक आवास की भी तलाशी ली गई। सतना और रीवा के 30 से अधिक जीएसटी अधिकारी इस कार्रवाई में शामिल रहे। टीम में एसीटीओ अमित पटेल, एसटीओ शशिभूषण तिवारी, मृत्युंजय तिवारी, प्रियंका सोहगौरा, सुदीप चतुर्वेदी और दीपा द्विवेदी प्रमुख रहे। जीएसटी नियमों के पालन को लेकर हुई जांच
जांच में पाया गया कि इन फर्मों में ड्राई फ्रूट्स का थोक व्यापार और गिफ्ट पैकिंग का काम होता है। ड्राई फ्रूट्स पर 5 से 18 प्रतिशत जीएसटी लगता है। अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि स्टेट के अंदर और बाहर से खरीदे गए ड्राई फ्रूट्स की प्रोसेसिंग, पैकिंग और बिक्री में कर नियमों का पालन किया गया है या नहीं। जब्त दस्तावेजों के आधार पर स्टॉक का सत्यापन किया जा रहा है।


