दौसा जिला पुलिस की विशेष टीम और सैंथल थाना पुलिस ने फायरिंग की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा है। आरोपी के पास से बोलेरो कैंपर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस संबंध में 27 दिसंबर को पीड़ित सरदार सिंह मीणा निवासी गोला का बास ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया था कि वह अपने दोस्त विष्णु गुर्जर, अनिल बंजारा, रामखिलाड़ी योगी के साथ थार से आंधी से अपने गांव गोला का बास जा रहा था। इस दौरान सुबह करीब साढ़े 10 बजे सैथल में पुलिया के सामने एक बोलेरो कैंपर ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। जिसमें बिट्टू मीना, आशीष मीणा, रामजीलाल मीणा, शिवप्रसाद मीणा अपने हाथ में पिस्टल, कट्टा व धारदार हथियार लेकर नीचे उतरे, उनके साथ 8-10 अन्य लोग भी थे। जिन्होंने उसकी कार पर हमला कर तोड़फोड़ कर दी और फायरिंग कर डैशबोर्ड पर रखे 48 हजार रुपए व सोने की चेन निकालकर ले गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया। घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए जिला विशेष टीम व स्थानीय थाना पुलिस के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलवर, भरतपुर व जयपुर में अलग-अलग जगह पर सर्च करते हुए दबिश देकर आरोपी आदित्य उर्फ गोल्या मीणा निवासी रेहडिया थाना कोलवा तथा एक नाबालिग को दस्तयाब किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।


