कोटपूतली में विद्युत विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर के विरोध में गुरुवार को विशाल पैदल मार्च निकाला जाएगा। ये पैदल मार्च सुबह 11 बजे नगर परिषद पार्क से शुरू होकर विद्युत विभाग पावर हाउस तक जाएगा। पूर्व पार्षद तारा पुतली के नेतृत्व में विद्युत निगम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद स्मार्ट मीटर वापस लेने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में व्यापारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन शामिल होंगे। तारा पुतली ने कस्बे के मुख्य बाजारों में जनसंपर्क किया। उन्होंने नगर व्यापार महासंघ अध्यक्ष मैथिली शरण बंसल और वस्त्र व्यापार संघ अध्यक्ष होशियार कसाना सहित व्यापारियों से मुलाकात की। पूतली ने कहा कि हरियाणा, दिल्ली और मध्य प्रदेश में 200-300 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जा रही है। राजस्थान में पूर्व गहलोत सरकार की निशुल्क बिजली योजना को स्मार्ट मीटर के जरिए समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। त्योहारों और शादी के सीजन से पहले स्मार्ट मीटर लगाना जनहित के विरुद्ध है।


