जिले में बुधवार को ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों की शुरुआत हुई। दौसा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 1 से 6 का कैंप बजरंग मैदान में शुरू हुआ। कलेक्टर देवेन्द्र कुमार ने कैंप का निरीक्षण किया। जहां कमिश्नर कमलेश मीणा के निर्देशन में अलग-अलग विभागों के अधिकारी-कर्मचारी लोगों के फरियाद सुनते देखे गए तो जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन और आवासीय पट्टा समेत कई कार्य हुए। आवेदकों को नवीन पट्टे वितरित किए गए। भवनों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण कमिश्नर ने कहा- अभियान के तहत शहर की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य, सड़कों की मरम्मत एवं पेंटिंग, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और नई लाइटें लगाने, प्रमुख चौक-चौराहों, पार्कों, सामुदायिक केन्द्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों का रख-रखाव एवं सौंदर्यीकरण, नालियों, सीवर लाइन और मेनहोल की मरम्मत एवं अन्य सार्वजनिक भवनों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। ग्रामीण शिविरों में यह कार्य वहीं ग्राम पंचायतों में लग रहे ग्रामीण सेवा शिविरों में लंबित फार्मर रजिस्ट्री को पूर्ण करवाना, किसान गिरदावरी एप का प्रचार एवं अधिक से अधिक डाउनलोड करवाना, लंबित नोटिसों की तामील, कुर्रेजात रिपोर्ट तैयार करना, ऑनलाइन पोर्टल पर लंबित नामांतरण प्रकरणों का निपटारा, शुद्धिकरण के प्रकरणों का निपटारा, लंबित गैर खातेदारी से खातेदारी प्रकरणों का निपटारा किया जा रहा है। इसी प्रकार विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन एवं स्वीकृतियां, स्वास्थ्य शिविर, स्वामित्व योजना के तहत पट्टों के लिए आवेदन, स्वीकृतियां एवं वितरण, दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव के तहत 10 हजार और गांव में बीपीएल परिवारों का सर्वे, बिजली तारों एवं खंभों इत्यादि में सुधार, स्वच्छता एवं पौधारोपण आदि जैसे कार्य किए जा रहे हैं।


