गिरिडीह में पिकअप की टक्कर से मासूम की मौत:आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर की कार्रवाई की मांग, ड्राइवर हिरासत में

गिरिडीह जिले के तिसरी-लोकाय मुख्य मार्ग पर स्थित पलमरुआ गांव में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मवेशी से लदे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दो वर्षीय मासूम गुलाब चंद को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना पलमरुआ निवासी बिशुन पंडित के पुत्र गुलाब चंद के साथ हुई। परिजनों के अनुसार, सुबह के समय मासूम अपने परिवार के साथ घर के बाहर सड़क की ओर आया था। इसी दौरान बिहार नंबर का एक पिकअप वाहन तेज गति से आया और बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने पिकअप वाहन को घेर लिया और उसके शीशे तोड़ दिए। भीड़ चालक को बंधक बनाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन तिसरी थाना पुलिस समय रहते मौके पर पहुंची और चालक को अपनी हिरासत में लेकर थाना भेज दिया। मासूम की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने तिसरी-लोकाय मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर प्रतिदिन दर्जनों मवेशी लदे वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, लेकिन प्रशासन इस पर कोई रोक नहीं लगा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध और तेज रफ्तार से मवेशी ढोने वाले वाहनों पर तत्काल रोक लगाने, सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने और दोषी वाहन मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। परिजनों ने मृतक मासूम के लिए मुआवजे की भी मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *