फेस स्कैन के बाद ही मिलेगी एंट्री:झुंझुनूं में बनाए गए 36 सेंटर, 19 से शुरू होगी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती परीक्षा

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाली चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती परीक्षा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह परीक्षा 19 से 21 सितंबर तक होगी। झुंझुनूं जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सुबह की पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम की पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। जिले में प्रत्येक पारी में 12,312 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस तरह तीन दिनों में हजारों परीक्षार्थी जिले के केंद्रों पर परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों पर किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए सुरक्षा और मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। फेस स्कैन और बायोमैट्रिक से मिलेगी एंट्री इस बार परीक्षा में प्रवेश पाने के लिए बायोमैट्रिक जांच और फेस स्कैन अनिवार्य किया गया है। परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों का प्रवेश तय समय से एक घंटा पहले बंद कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को दो घंटे पहले ही सेंटर पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं ताकि तलाशी और बायोमैट्रिक प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। एडीएम अजय आर्य ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर समन्वयक, केंद्राधीक्षक और पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। साथ ही छह-छह केंद्रों पर एक फ्लाइंग टीम भी गठित की गई है। प्रत्येक सेंटर पर दो वीडियोग्राफर भी रहेंगे, जो पूरे परीक्षा प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग करेंगे। फोटो की सॉफ्टवेयर से जांच होगी परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र और 2.5 सेमी गुणा 2.5 सेमी साइज का नवीनतम रंगीन फोटो लाना होगा। यह फोटो उपस्थिति पत्रक पर लगाया जाएगा और सॉफ्टवेयर के जरिए जांच की जाएगी। इस व्यवस्था से किसी अन्य व्यक्ति द्वारा परीक्षा देने की संभावना खत्म हो जाएगी। एडीएम आर्य ने कहा कि यदि कोई अभ्यर्थी एक से अधिक आवेदन भरकर अलग-अलग पारियों में परीक्षा देने की कोशिश करेगा तो वह बायोमैट्रिक जांच में पकड़ में आ जाएगा। गाइडलाइन का पालन जरूरी राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने परीक्षा के लिए विस्तृत गाइडलाइन और ड्रेस कोड जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को केवल नीले रंग की स्याही वाला पारदर्शी बॉल पेन साथ लाने की अनुमति होगी। कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल, नोट्स, घड़ी या अन्य सामग्री परीक्षा केंद्र में ले जाने की सख्त मनाही है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से पहले एक बार बोर्ड द्वारा जारी सभी निर्देश ध्यान से पढ़ लें और उसी अनुसार परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। ई-प्रवेश पत्र जारी बोर्ड ने परीक्षा के लिए प्रोविजनल ई-प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी इन्हें अपने एसएसओ आईडी से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://recruitment.rajasthan.gov.in से भी प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा सकते हैं। परीक्षा के लिए प्रवेश केवल ई-प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और नवीनतम फोटो के आधार पर मिलेगा। पेपर लीक रोकने के कड़े इंतजाम अभ्यर्थी किसी भी पारी का प्रश्न पत्र अपने साथ नहीं ले जा सकेंगे। केवल ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी ले जाने की अनुमति होगी। परीक्षा समाप्त होने के 24 घंटे के भीतर सभी पारियों के प्रश्न पत्र बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। इससे परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी और अभ्यर्थियों को भी अपने उत्तर मिलान करने में आसानी होगी। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद झुंझुनूं प्रशासन परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और बाहर-बाहर तक निगरानी रखी जाएगी। फ्लाइंग टीम लगातार भ्रमण कर अनुचित गतिविधियों पर नजर रखेगी। केंद्रों के बाहर भीड़ न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों के लिए अपील जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे और अनावश्यक सामग्री अपने साथ न लाएं। यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित गाइडलाइन का उल्लंघन करता है तो उसे परीक्षा से वंचित किया जा सकता है। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ-साथ सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *