नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा संसद में देशभर में हो रही कथित वोट चोरी का बड़ा खुलासा किए जाने के बाद हनुमानगढ़ कांग्रेस ने बुधवार को ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान की शुरुआत की। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी, हनुमानगढ़ की मासिक बैठक में इस हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लिया गया। बैठक में पीसीसी प्रभारी महामंत्री पूसाराम गोदारा, कार्यक्रम प्रभारी महेन्द्र गहलोत,विधायक अमित चाचाण, पूर्व सांसद भारतराम मेघवाल,एआईसीसी सदस्य पवन गोदारा,जिला प्रमुख कविता मेघवाल सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए। पीसीसी प्रभारी महेन्द्र गहलोत ने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर अब सवाल उठने लगे हैं। उन्होंने कहा कि आयोग का काम जनता के मत का सम्मान करना है,लेकिन अब वही संस्था लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर कर रही है। विधायक अमित चाचाण ने कहा कि राहुल गांधी ने जिन तथ्यों के साथ वोट चोरी का मुद्दा उठाया है, उसने भाजपा की सच्चाई उजागर कर दी है। एआईसीसी सदस्य पवन गोदारा ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान के विपरीत कार्य कर रही है। दो साल में न तो कोई ठोस विकास कार्य हुआ,न ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सही ढंग से अपनाया गया। जिला प्रमुख कविता मेघवाल ने कहा कि मतदाता सूचियों में गड़बड़ियां लोकतंत्र के लिए खतरा हैं। लाखों नाम गायब हैं, कुछ समुदायों को चुनकर निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस की मांग है कि चुनाव आयोग फोटो सहित मतदाता सूची सार्वजनिक करे, विलोपन और समावेशन सूची भी सबके सामने लाए। साथ ही मतदाता सूची से नाम हटाने और जोड़ने की अंतिम तिथि पहले से घोषित हो और गलत तरीके से नाम हटाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। हस्ताक्षर अभियान 18 से 20 सितंबर तक ब्लॉक स्तर, 21 से 30 सितंबर तक मंडल स्तर और 1 से 15 अक्टूबर तक बूथ स्तर पर चलाया जाएगा। घर-घर जाकर जनता को जागरूक किया जाएगा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए समर्थन जुटाया जाएगा।


