डूंगरपुर के दोवड़ा थाना क्षेत्र के नरणीया गांव में एक युवती ने अपने घर में साड़ी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। सुसाइड के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। दोवड़ा थाने के हेड कॉन्स्टेबल बंशीलाल ने बताया कि नरणीया गांव निवासी मोहनलाल परमार ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार रात परिवार खाना खाकर सोया था। बुधवार सुबह जब मोहन की पत्नी अपनी बेटी अनीता को उठाने गई, तो उसने दरवाजा नहीं खोला। कई बार आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो अनीता फंदे से लटकी हुई मिली। परिजनों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल की मॉर्चुरी पहुंचाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सुसाइड के कारणों की जांच कर रही है।


