शहरी सेवा शिविर में जनता को मिला लाभ:पीएम आवास योजना से खिले गरीबों के चेहरे,69 लाभार्थियों को 34.5 लाख रुपये की पहली किश्त जारी की

कोटा में उत्तर और दक्षिण नगर निगम की ओर से शहरी सेवा शिविरों की शुरुआत की गई। सुबह से शाम तक शिविर में शहर की जनता को अलग-अलग योजनाओं के लाभ मिले। विधायक संदीप शर्मा ने शिविर का शुभारंभ करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल आमजन की समस्याओं के समाधान और जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि लोग अपनी उम्मीद लेकर शिविर में आते हैं, उनकी मदद करना हम सभी का दायित्व है। शिविरों में पहले ही दिन से आमजन को राहत मिलनी शुरू हो गई। कोटा उत्तर में प्रधानमंत्री आवास योजना के 69 लाभार्थियों को 34.5 लाख रुपये की पहली किश्त जारी की गई। वहीं दक्षिण निगम की ओर से स्ट्रीट वेंडर्स को पीएम स्वनिधि योजना की स्वीकृति और भवन निर्माण की मंजूरी दी गई। इसके अलावा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नामांतरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्ट्रीट लाइट और सीवरेज से जुड़ी कई समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया। पीएम आवास योजना से गरीब परिवारों की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है। खेड़ली फाटक की माया देवी ने पहली किश्त मिलने पर खुशी जताई और कहा कि अब वह अपने कच्चे घर की जगह पक्की छत बना पाएंगी। वहीं, पुजारी गिरिजा शंकर शर्मा ने कहा कि बचत या ऋण न ले पाने के कारण कभी पक्का घर बनाने की हिम्मत नहीं हुई, लेकिन योजना ने उम्मीद जगाई है। अर्जुनपुरा निवासी नर्बदा बाई ने भी जन-धन खाते के जरिए किश्त प्राप्त कर पीएम मोदी का आभार जताया। शिविर का उद्घाटन समारोह नगर निगम के प्रशासनिक भवन में आयोजित हुआ और विधायक संदीप शर्मा , कल्पना देवी, प्रभारी सचिव मंजू राजपाल,जिला कलेक्टर पीयूष समारिया, आयुक्त अशोक त्यागी, अनुराग भार्गव, नेता प्रतिपक्ष लव शर्मा ,विवेक राजवंशी के साथ नगर निगम के उपायुक्त, अन्य अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे। गुरुवार को उत्तर निगम के वार्ड 11, 20, 21, 22, 23, 24 और दक्षिण निगम के वार्ड 9, 10, 31, 33 व 34 में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *