अलवर की एक सोसाइटी में फ्लैट में चोरी करने का प्रयास कर रहे चोर ने पकड़े जाने पर 5वें फ्लोर की बालकनी से सीढ़ियों में छलांग लगा दी। चोर के चोरी करते हुए का वीडियो एक महिला बनाकर सोसायटी के वाट्सऐप ग्रुप पर शेयर कर दिया। सोसायटी में मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने चोर के साथ उसके साथी को भी पकड़ लिया। मामला भिवाड़ी में अलवर बाइपास स्थित आशियाना आंगन सोसाइटी में बुधवार शाम करीब 5ः30 बजे का है। 5 PHOTOS में समझिए पूरा घटनाक्रम सामने के फ्लैट में बैठी महिला ने शोर मचाकर गार्ड को बुलाया फ्लैट के मालिक अनूप अरोडा ने बताया कि- सोसाइटी के 5वें फ्लोर में L 9/533 उनका फ्लैट है। बुधवार को वह परिवार के साथ किसी काम से बाहर गए थे। इस दौरान शाम करीब 5ः30 बजे दो बदमाश सीढ़ी के रास्ते बालकनी में चढ़े और खिड़की तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। सामने वाली बिल्डिंग में अपने फ्लैट की बालकनी में बैठी महिला पूजा सिंह ने बदमाश को खिड़की तोड़ते हुए देखा। पूजा ने कुछ देर देखा और वीडियो बनाना शुरू कर दिया। जैसे ही चोर खिड़की तोड़ने की मशक्कत करने लगा। महिला ने शोर मचाकर सिक्योरिटी गार्ड को बुलाया और वीडियो सोसाइटी के RWA वॉट्सऐप ग्रुप पर शेयर कर दिया। वीडियो में चोर खिड़की तोड़ते हुए साफ दिखाई दे रहा है। महिला के शोर मचाने पर चोर हड़बड़ा गया और बालकनी से कूदकर सीढ़ियों की रेलिंग पर छलांग लगा दी। सीढ़ियों से होते हुए चोर ने भागने की कोशिश की। सिक्योरिटी गार्ड ने दोनों बदमाशों को दबोचा महिला का शोर सुनते सिक्योरिटी गार्ड हरकत में आए और दो बदमाशों को धर दबोचा। सोसाइटी के लोगों ने पहले बदमाशों को पकड़ा और उनकी जमकर पिटाई की। पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम रफीक और अशफाक, निवासी तावडू, बताया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि दोनों बदमाश पिछले तीन दिनों से सोसाइटी में आकर फ्लैटों की रेकी कर रहे थे। इस घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में गुस्सा है। दोनों बदमाशों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। भिवाड़ी थाना अधिकारी देवेंद्र प्रसाद शर्मा ने बताया कि इस विषय में मैं अभी कोई जानकारी नहीं दे सकता इस मामले के विषय में कल बताया जाएगा।


