सोनहत | ब्लॉक मुख्यालय सोनहत के हायर सेकेंडरी स्कूल के सामने खुली बदबूदार नाली से इन दिनों छात्र और स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। नाली की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है, जिससे घरों का गंदा पानी जाम होकर बह नहीं पा रहा है। ग्राम पंचायत ने मुख्य सड़क मार्ग में स्कूल से फॉरेस्ट नाका तक दो महीने पहले सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की थी, लेकिन कई हिस्सों में अब भी नाली जाम है। स्लैब ढक्कन लगाने के नाम पर पंचायत ने करीब 6.37 लाख रुपये खर्च किए, पर नाली अब भी कई जगह खुली है। कुछ दूरी पर स्लैब लगाकर औपचारिकता निभाई गई है। सोनहत, ब्लॉक की सबसे बड़ी पंचायत है और 15वें वित्त व अन्य मदों से सबसे अधिक बजट प्राप्त करने के बावजूद यहां मूलभूत सुविधाएं जैसे साफ पानी, स्ट्रीट लाइट व स्वच्छता का अभाव है। स्कूल सामने खुली नाली।


