भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बंजी के दक्षिणपारा में पिछले तीन दिन से ब्लैक आउट है। यहां के 75 से भी ज्यादा घरों में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली नहीं होने से ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हुई है।सूचना के बाद भी बिजली विभाग की ओर से बिजली की बहाली के अब तक कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। पूर्व पंच देवेंद्र पटेल ने बताया कि बंजी के दक्षिण पारा वार्ड नंबर-3 में 15 सितंबर की दोपहर आकाशीय बिजली गिरने के बाद से बिजली चली गई है। यहां के लगभग 75 घरों में पिछले तीन दिन से अंधकार में डूबे हुए हैं। उन्होंने बताया कि बिजली गुल होने की सूचना विभाग को मोबाइल के माध्यम से दी गई है, लेकिन केवल आश्वासन मिला। अब तक व्यवस्था दुरूस्त नहीं की जा सकी है। बिजली नहीं रहने से वार्ड के प्राथमिक शाला व आंगनबाड़ी में पेयजल व्यवस्था प्रभावित हुई है। बोर नहीं चल पा रहा है, जिससे प्राथमिक शाला और आंगनबाड़ी के 70 बच्चों के लिए सहायिका को एक किमी दूर से पानी लाना पड़ रहा है। पूर्व पंच ने कहा है कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा को लेकर विभाग की निरंकुशता ग्रामीणों के सब्र का इम्तिहान ले रही है। उन्होंने कहा शीघ्र बिजली व्यवस्था दुरूस्त नहीं होने पर ग्रामीण विभाग का घेराव करेंगे।


