फरीदकोट | राष्ट्रीय पोषण माह की शुरुआत पर सिविल अस्पताल के जच्चा-बच्चा विभाग में संतुलित आहार संबंधी जागरूकता शिविर लगाया गया। यह सिविल अस्पताल फरीदकोट के एसएमओ डॉ परमजीत सिंह बराड़ के नेतृत्व में आयोजित किया। डिप्टी मास मीडिया अधिकारी सुधीर धीर, डॉ. प्रभ दीप सिंह चावला और लखविंदर कैंथ ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं, किशोरावस्था के बच्चों और हर आयु वर्ग के लोगों को संतुलित भोजन और पोषक तत्वों के महत्व के बारे में जागरूक करना है। गैर-संचारी बीमारियों जैसे ब्लड प्रेशर, शुगर, मोटापा और दिल के रोगों से बचने के लिए जीवनशैली में नियमित व्यायाम या शारीरिक गतिविधि को शामिल करना तथा भोजन में चीनी, नमक, तेल और फास्ट फूड का कम से कम सेवन करना बहुत जरूरी है। साथ ही तंबाकू, शराब और नशे के शरीर पर पड़ने वाले बुरे प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। आरएमएनसीएच काउंसलर लवली चावला ने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को रोजाना उचित मात्रा में कार्बोहाइड्रेट्स, प्रोटीन, पानी, वसा, विटामिन और खनिज भरपूर आहार लेना चाहिए। इसके लिए हरी सब्जियां, सलाद, दूध, मौसमी फल, उबली, अंकुरित दालें आदि आहार में शामिल करने चाहिए। उन्होंने गर्भवती माताओं से अपील की कि वे अपने गर्भ में पल रहे शिशु की स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए स्वच्छ और संतुलित भोजन करें और कम से कम 4 बार डॉक्टर से जांच जरूर कराएं।


