बलरामपुर में NHM कर्मी हड़ताल पर:PM मोदी के जन्मदिन पर मनाया स्वच्छता दिवस; कॉलेज में समस्या को लेकर ABVP ने सौंपा ज्ञापन

बलरामपुर जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर अपनी हड़ताल के 31वें दिन एक अनूठा प्रदर्शन किया। उन्होंने इस मौके पर स्वच्छता अभियान चलाया और प्रधानमंत्री से अपने नियमितीकरण की मांग की। वहीं, जिले में AVBP ने शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कई समस्याओं को लेकर प्राचार्या को ज्ञापन सौंपा है। इसमें शैक्षणिक व्यवस्था में गिरावट और परिसर की बदहाल साफ-सफाई मुख्य मुद्दे रहे। PM के जन्मदिन पर NHM कर्मियों ने काटा केक हड़ताल पर बैठे NHM कर्मचारियों ने केक काटकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री उन्हें नियमितीकरण और ग्रेड पे की सौगात देंगे। यह प्रदर्शन बलरामपुर में हुआ। “स्वच्छता ही सेवा” थीम के तहत, स्वास्थ्य कर्मियों ने खरपतवार हटाकर परिसर को स्वच्छ बनाया, जिससे यह संदेश दिया गया कि वे अपने अधिकारों की मांग के साथ-साथ समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का भी पालन करते हैं। कर्मचारियों ने बताया कि वे कई वर्षों से संविदा पर कार्यरत हैं और पूरी निष्ठा से सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमितीकरण, स्थायित्व और उचित वेतनमान जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है। इस अवसर पर, कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री से अपील की कि जिस प्रकार उन्होंने देशभर में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब, श्रमिक और मध्यम वर्ग को राहत प्रदान की है, उसी तरह वे एनएचएम कर्मियों को भी जल्द नियमित कर एक स्थायी समाधान प्रदान करें। ABVP ने सौंपा ज्ञापन रामानुजगंज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की रामानुजगंज इकाई ने शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में व्याप्त गंभीर समस्याओं को लेकर प्राचार्या को ज्ञापन सौंपा। इसमें शैक्षणिक व्यवस्था में गिरावट और परिसर की बदहाल साफ-सफाई मुख्य मुद्दे रहे। अभाविप के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विकास महतो ने बताया कि कॉलेज में रसायन शास्त्र और अंग्रेजी विषय के प्राध्यापकों की कमी है, जिससे छात्र-छात्राएं पिछले तीन माह से परेशान हैं। इस कारण उनकी पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में कॉलेज परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को भी लचर बताया गया। वॉशरूम की नियमित सफाई न होने, छात्राओं के लिए पैड डिस्पोजिंग मशीन के लंबे समय से खराब होने और वाटर कूलर के रख-रखाव के अभाव पर चिंता व्यक्त की गई। अभाविप ने प्राचार्या से इन सभी समस्याओं का समाधान 7 दिनों के भीतर करने की मांग की है। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान अभाविप नगर मंत्री परमानंद कुशवाहा, नगर सह मंत्री श्रेया ठाकुर, रजनी विश्वास, संदीप यादव, सूरज पूरी, विवेक सहित अनेक कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *