झालावाड़ जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खानपुर पुलिस ने शातिर नकबजन नरेश कुमार मीणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर अटरू जेल से गिरफ्तार किया और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। यह गिरफ्तारी ग्राम कवल्दा में हुई एक चोरी की घटना के मामले में की गई है 24 दिसंबर 2024 की रात करीब 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात व्यक्तियों ने शीतला माता मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी चुरा ली थी। इस संबंध में दिनेश कटारिया, प्रेमचंद नागर, बाबूलाल नागर, गौतम नागर और अन्य ग्रामीणों ने खानपुर थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना खानपुर में मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों और चोरी हुए माल की तलाश शुरू की गई। खानपुर डिप्टी अंशु जैन के निकट पर्यवेक्षण में थानाधिकारी रविंद्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी सहायता का उपयोग कर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों के रूट का पता लगाया। जांच के दौरान, पिपल्दा खुर्द, थाना अयाना, जिला कोटा ग्रामीण निवासी नरेश कुमार मीणा (30) पुत्र रामदेव की पहचान हुई। उसे अटरू, जिला बारां कारागृह से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया। पुलिस के अनुसार नरेश कुमार मीणा एक शातिर नकबजन है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आगे की जांच जारी है।


