पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के 2 एडवोकेट का लाइसेंस सस्पेंड:मारपीट को लेकर बार काउंसिल ने की कार्रवाई; HC परिसर में तलवार लहराने का आरोप

चंडीगढ़ हाईकोर्ट परिसर में वकीलों के बीच हुई हिंसक घटना को गंभीरता से लेते हुए पंजाब और हरियाणा बार काउंसिल (BCPH) ने 2 वकीलों का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। इन दोनों वकीलों पर साथी वकीलों के साथ मारपीट करने और तलवार लहराने का आरोप है। वहीं वीरवार को वकीलों ने घटना को लेकर वर्क सस्पेंड किया है। बार काउंसिल की स्पेशल डिसीप्लीनरी कमेटी ने बताया कि यह मामला बेहद गंभीर कदाचार का है। वकील रवनीत कौर और सिमरनजीत सिंह ब्लासी ने खुलेआम हाईकोर्ट बार एसोसिएशन (HCBA) के पदाधिकारियों और अन्य सदस्यों पर हमला किया। उनके इस व्यवहार को पूरे बार एसोसिएशन का अपमान बताया गया है, क्योंकि उन्होंने न केवल पेशेवर मर्यादा तोड़ी बल्कि वकीलों और जजों के खिलाफ अपशब्द भी कहे। वकीलों और जजों पर लगाए आरोप कमेटी का कहना है कि इन दोनों वकीलों के बार-बार के ऐसे काम न्यायिक प्रणाली को बदनाम करने वाले हैं। दोनों ने वकीलों और जजों पर बेबुनियाद आरोप लगाए और कोर्ट की गरिमा को ठेस पहुंचाई। कमेटी ने दोनों वकीलों को नोटिस भेजा है और 19 सितंबर को पेश होने को कहा है। घटना के बाद पुलिस ने रवनीत कौर और सिमरनजीत सिंह ब्लासी के खिलाफ FIR दर्ज की है। उन पर धारा 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 109(1) (हत्या की कोशिश), 351(2) (धमकी देना) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत केस हुआ है। झूठा आरोप लगाया बार एसोसिएशन की एग्जीक्यूटिव कमेटी ने बताया कि 17 सितंबर को रवनीत कौर ने चीफ जस्टिस कोर्ट में जाकर यह झूठा आरोप लगाया कि बार का सचिव उसका बैग और लैपटॉप जब्त कर चुका है। इसके बाद रवनीत कौर और ब्लासी ऑफिस में घुस आए और वहां हंगामा करने लगे। इस दौरान वकीलों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी हुई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वकील ब्लासी कोर्ट परिसर में तलवार लेकर घूमते दिखाई दिए और उन पर आरोप है कि उन्होंने सचिव और अन्य वकीलों पर हमला भी किया। इस घटना से पूरे परिसर में डर और तनाव का माहौल बन गया। देखिए मारपीट की तस्वीरें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *