प्रतापगढ़ जिले के बनेडिया खुर्द गांव में कीटनाशक दवा का छिड़काव करते समय एक किसान अचेत हो गया। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। थाना जांच अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान मोहन मीणा (28) पुत्र रामचंद्र मीणा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मोहन मीणा अपने खेत में सोयाबीन की फसल पर कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहा था। छिड़काव के दौरान जहरीली दवा के प्रभाव से उसे चक्कर आने लगे और उल्टियां शुरू हो गईं। स्थिति बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय ले गए, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतक के छोटे भाई मदन मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मोहन मीणा का परिवार मुख्य रूप से खेती और मजदूरी पर निर्भर है। उसके परिवार में पत्नी, दो छोटे बेटे, माता-पिता और एक छोटा भाई हैं।


