दौसा नगर परिषद के वार्ड नंबर 17 में उप चुनाव को लेकर बीजेपी ने भूपेंद्र सैनी को प्रत्याशी बनाया है। सैनी ने सोमवार दोपहर अपना नामांकन उपखंड अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया। नामांकन में भाजपा प्रदेश मंत्री अजीत मांडन, आलोक जैन, राजेंद्र शर्मा, मुरारी धौकरिया, महावीर डोई, पार्षद पूरण सैनी, श्रीराम सोनी, भाजपा शहर अध्यक्ष एडवोकेट राजेश शर्मा, मीडिया प्रभारी दीपक जोशी, अनिल सैनी, राजकुमार तिवारी, घनश्याम रावत, भूपेंद्र सिंह राजावत, सेडूराम शर्मा, नरेंद्र सोती सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल हुए। नगर परिषद के वार्ड 17 के सदस्य पद के उपचुनाव के लिए 26 दिसम्बर को अधिसूचना जारी हुई थी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 30 दिसम्बर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा की 31 दिसम्बर, नाम वापस लेने की तिथि 2 जनवरी, चुनाव चिन्ह का आवंटन 3 जनवरी, मतदान 9 जनवरी तथा मतगणना 10 जनवरी को होगी। निर्वाचन आयोग द्वारा कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। बता दें कि करीब तीन माह पूर्व भी नगर परिषद के उपचुनाव की घोषणा की गई थी। जिसके बाद निर्वाचन संबंधी सभी प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी, लेकिन मतदान से एक दिन पहले चुनाव को स्थगित कर दिया गया था। उस वक्त वोटर लिस्ट अपडेट नहीं होने को चुनाव स्थगित करने का कारण बताया गया था।


