भीलवाड़ा के मंगरोप कस्बे में अंबेडकर सर्किल के बाहर गंदगी के ढेर, कीचड़ फैलने और सर्किल की स्टील की रेलिंग चोरों द्वारा चुराकर ले जाने के विरोध में गुस्साए ग्रामीणों ने आज सर्किल के बाहर इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इसके कारण आज हम सबको यहां इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा है। विरोध प्रदर्शन करने आए वार्ड पंच राहुल खटीक ने बताया कि 2014 में अंबेडकर सर्किल बनाया गया था। यहां अंबेडकर जी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। उस समय यह सर्किल काफी सुंदर था, प्रशासन की देखरेख के अभाव में इस सर्किल की आज दयनीय स्थिति बन चुकी है। चारों और कीचड़ भरा रहता है, गंदगी के ढेर लगे हैं और इसकी स्टील की रेलिंग भी चोर चुरा कर ले गए। यहां कीचड़ भरा रहने से आने जाने वालों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को इसके बारे में अवगत कराया गया। अधिकारियों ने इसकी रिपेयरिंग करवाने की बात कही थी, लेकिन अब तक इसका कुछ भी नहीं हुआ है। तहसीलदार को भी इस बारे में बताया जा चुका है, लेकिन हमारी समस्या का समाधान नहीं हुआ है, इसलिए आज हम सभी गांव वालों को यहां पर इकट्ठा होकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है। प्रशासन से हम सब यही मांग करते हैं कि इसकी रेलिंग लगाई जाए और यहां साफ सभी व्यवस्था को सुधारा जाए।इस दौरान बड़ी संख्या में महिला और पुरुष सर्किल के बाहर इकट्ठा हुए और जमकर विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।


