रीवा में लोकनिर्माण विभाग के कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरने पर:11 सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी

रीवा में 11 सूत्रीय मांगों को लेकर लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने सोमवार को धरना दिया। जहां मुख्य अभियंता के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया गया। जानकारी के मुताबिक लोक निर्माण विभाग के आधा सैकड़ा कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए मुख्य अभियंता कार्यालय के सामने धरने पर बैठकर विरोध जताया। बताया गया कि 16 दिसम्बर से शुरू हुआ धरना प्रदर्शन अनवरत जारी रहने वाला है। धरना दे रहे रामकुमार द्विवेदी और जेपी शर्मा ने कहा कि अगर मांगे पूरी नहीं हुई तो अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन लगातार चलेगा। आंदोलन को उग्र रूप भी दिया जाएगा। कर्मचारियों ने कहा कि लगातार अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों से पत्राचार किया गया। लेकिन आज तक समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया। इसलिए हम सबकी मांग है कि मुख्य अभियंता स्तर पर दैनिक वेतन भोगी और विनियमित कर्मचारियों की वरिष्ठता की सूची तैयार कर योग्यतानुसार चतुर्थ श्रेणी के पद पर उन्हें नियमित किया जाए। मुख्य अभियंता परिक्षेत्र के अंतर्गत संभागवार एन.पी.एस. कटौती की पासबुक बनाई जाए। कर्मचारियों को जिसकी एक प्रति प्रदान की जाए और दर्ज गलत नाम पर सुधार किया जाए। दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को भी अवकाश दिलाया जाए। इसका प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को भेजा जाए। साथ ही स्थायी कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका का भी संधारण किया जाए। द्वितीय प्रति भी कर्मचारियों को दी जाए। इन मांगों के साथ 11 सूत्रीय मांगों को लेकर हम सब कर्मचारी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उधर पूरे मामले में लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने धरना समाप्त करने की पेशकश की है। साथ ही बैठकर और आपसी चर्चा से मसले को हल करने का प्रस्ताव रखा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *