कोडरमा|जिला प्रशासन एवं जिला स्वास्थ्य समिति, की ओर से नगर परिषद झुमरी तिलैया और नगर पंचायत कोडरमा क्षेत्र में हेल्थ कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य आम जनता को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस हेल्थ कैंप के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त ऋतुराज ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की, जिसमें सभी संबंधित पदाधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित तिथियों पर कैंप का आयोजन सुनिश्चित करें। बैठक में हेल्थ कैंप की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने यह भी कहा कि केवल स्वास्थ्य परीक्षण ही नहीं, बल्कि कैंप में ब्लड डोनेशन के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएं, ताकि लोगों में रक्तदान की भावना को बढ़ावा मिले। संबंधित हेल्थ कैंप का आयोजन 20 सितंबर को अंबेडकर नगर (सामुदायिक भवन), नगर परिषद क्षेत्र और जलवाबाद मैदान, मस्जिद — कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र में किया जाएगा। 22 सितंबर को झलपो (आंगनबाड़ी केंद्र, रविदास टोला), नगर परिषद क्षेत्र और तिवारी बांग्ला कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र में हेल्थ कैंप आयोजित होंगे। 23 सितंबर को तिलैया बस्ती (सामुदायिक भवन), नगर परिषद क्षेत्र और नगरखारा (प्राइमरी स्कूल) कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र में कैंप आयोजित किए जाएंगे। वहीं 24 सितंबर को मडुआटांड (मिडिल स्कूल), नगर परिषद क्षेत्र और शिव मोहल्ला (आंगनबाड़ी केंद्र) कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र में होगा। 25 सितंबर को पानीटंकी रोड नगर परिषद क्षेत्र तथा फुलवरिया एवं डुमरीटांड (आंगनबाड़ी केंद्र) कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र में हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा।


