रेंज पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई:5 जिलों में 142 टीमों ने 381 जगहों पर की छापेमारी, 200 से ज्यादा गिरफ्तार

रेंज पुलिस ने शुक्रवार को नशे के अवैध कारोबार, शराब तस्करी और हथियारबंद असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक साथ बड़ी कार्रवाई की। आईजी रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश पर पांचों जिलों रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, धमतरी और गरियाबंद में तड़के पुलिस की 142 टीमों ने दबिश दी। करीब 800 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की इस संयुक्त कार्रवाई में 381 से ज्यादा स्थानों पर छापे मारे गए। इस दौरान पुलिस ने 33 एनडीपीएस प्रकरणों में 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 72.420 किलो गांजा और 600 ग्राम अफीम जब्त की। इसके अलावा 50 ट्रामाडोल कैप्सूल और 20 टैबलेट भी जब्त किए गए। आबकारी की कार्रवाई में पांचों जिलों से 98 प्रकरण दर्ज हुए और 98 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रायपुर से 929 लीटर, महासमुंद से 280 लीटर, बलौदाबाजार से 215 लीटर, धमतरी से 17 लीटर और गरियाबंद से 283 लीटर शराब जब्त की। कुल मिलाकर 1,724 लीटर से अधिक अवैध शराब पकड़ी गई। इसी तरह आर्म्स एक्ट में 12 प्रकरण दर्ज कर 12 हथियार जब्त किए गए। फरार आरोपियों के खिलाफ 20 गिरफ्तारी वारंट और 25 स्थायी वारंट तामिल किए गए। इसके साथ ही 82 प्रतिबंधात्मक प्रकरण दर्ज हुए, सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के 4 प्रकरण, सट्टे के 2 मामले पकड़े गए जिनमें 1,100 रुपए जब्त किए गए। 91 संदिग्धों की जांच-पड़ताल और आरोपी परेड कराई गई। रायपुर में 25 टीम ने 30 स्थानों में दी दबिश, 106 भेजे गए जेल जिले में शुक्रवार तड़के सुबह 4 बजे से ही पुलिस की दबिश शुरू हो गई थी। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में 25 से अधिक पुलिस टीमें गठित की गई। पिछली बार की तरह ही, इस बार भी एक दिन पहले सभी पुलिसकर्मियों की बैठक ली गई। रणनीति के तहत संदिग्धों के घरों के आसपास रेकी की गई। इसके बाद एक साथ 30 स्थानों पर टीमों ने दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने 14 आरोपियों को नशे का सामान बेचते पकड़ा। उनके पास से 600 ग्राम अफीम और 24.070 किलो गांजा जब्त किया गया। 22 आरोपियों को अवैध शराब बेचते गिरफ्तार किया गया, उनसे 614 पौवा शराब और 1,750 रुपए नकद बरामद हुए। इसी क्रम में 8 आरोपियों को धारदार हथियारों के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने रायपुर जिले में 12 स्थायी और गिरफ्तारी वारंट तामिल किए और 50 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। रायपुर जिले की इस विशेष कार्रवाई में अकेले 106 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “निश्चय अभियान” आगे भी जारी रहेगा और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *