राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड जयपुर की ओर से आयोजित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन भी जिलेभर में कड़ी निगरानी और सख्त नियमों के बीच सम्पन्न हुआ। शनिवार को जिले के 36 परीक्षा केंद्रों पर सुबह और शाम दोनों पारियों में परीक्षा आयोजित की गई। प्रत्येक पारी में 12312 अभ्यर्थी शामिल हुए। इस तरह पूरे दिन में 24624 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। सुबह 10 बजे पहली पारी निर्धारित समय पर शुरू हुई और दोपहर बाद शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई। इसके बाद शाम को दूसरी पारी भी समय पर आयोजित की गई और बिना किसी बड़ी गड़बड़ी के खत्म हुई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले कड़े सुरक्षा घेरों से गुजरना पड़ा। फेस रिकॉग्निशन सिस्टम के जरिए उपस्थिति दर्ज की गई। मेटल डिटेक्टर और अतिरिक्त सुरक्षा स्टाफ की तैनाती से नकल रोकने के प्रयास किए गए। सख्ती इस बार और भी ज्यादा थी। अभ्यर्थियों को मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, नोट्स, पर्स, घड़ी और यहां तक कि पेन का कवर तक अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। महिलाओं के दुपट्टे और हाथ में बंधी मौली तक उतरवाई गई। इसके साथ ही, सभी परीक्षार्थियों से लिखित वचन पत्र लिया गया कि वे किसी भी तरह की नकल का प्रयास नहीं करेंगे। ड्रेस कोड का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जींस पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों की विशेष जांच की गई। सीसीटीवी कैमरों की मदद से हर परीक्षा केंद्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। परीक्षा शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने बाहर भी सख्त इंतजाम किए थे। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई और अभ्यर्थियों को सहायता देने के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई।अधिकारी पूरे दिन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और व्यवस्थाओं की बारीकी से निगरानी की।


