झालावाड़ मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए एक अनूठी पहल की है। विभाग ने ‘एक डोर, नशामुक्ति की ओर’ नाम से एक शॉर्ट फिल्म तैयार की है। शनिवार को मिनी सचिवालय परिसर में जिला कलेक्टर अजयसिंह राठौड़ ने इस फिल्म का विमोचन किया। फिल्म में युवाओं को नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने वाली चार कहानियां दिखाई गई हैं। इस फिल्म की खास बात यह है कि इसकी पटकथा, निर्देशन, अभिनय और संगीत सभी कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के रेजिडेंट और इंटर्न डॉक्टरों ने किया है। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संजय पोरवाल, विभागाध्यक्ष डॉ. शकीला मुल्ला, सीनियर प्रोफेसर डॉ. मधुसूदन स्वर्णकार और एडिशनल एकेडमिक इंचार्ज डॉ. मयंक जैन मौजूद रहे। फिल्म में डॉ. गौरांग जोशी, डॉ. राजेंद्र प्रसाद चौबीसा, डॉ. जितेंद्र खिची, डॉ. इंद्रजीत, डॉ. भावना देव, डॉ. शुभम जैन और इंटर्न डॉ. अक्षत, डॉ. अमन, डॉ. अंकिता ने अभिनय किया है। सिनेमैटोग्राफी अविरल जैन और एडिटिंग कुणाल मेहरा ने की है। इस शॉर्ट फिल्म को कम्युनिटी मेडिसिन डिपार्टमेंट के यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है।


