जम्मू तवी-भगत की कोठी ट्रेन का समय बदलने की मांग:व्यापारियों ने रेलवे स्टेशन पर किया प्रदर्शन, बाजार बंद और आंदोलन की दी चेतावनी

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा गाड़ी संख्या 14804 (जम्मू तवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस) के समय को दोपहर से रात में बदलने के फैसले ने सूरतगढ़ में व्यापारियों और यात्रियों में रोष पैदा कर दिया है। इस बदलाव के विरोध में नागरिक संघर्ष समिति के संयोजक कामरेड लक्ष्मण शर्मा के नेतृत्व में विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने शनिवार को सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्टेशन अधीक्षक हरिशंकर त्यागी को ज्ञापन सौंपकर ट्रेन का समय पुनः दोपहर में करने की मांग की और चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर आंदोलन किया जाएगा। संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष घनश्याम दास आहूजा ने बीकानेर मंडल के डीआरएम से फोन पर बात कर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि ट्रेन का पहले वाला समय नहीं किया गया तो सभी व्यापारिक संगठन मिलकर शहर बंद करेंगे। रेलवे ने जून 2025 में इस ट्रेन का नंबर 19226 से बदलकर 14804 किया और समय को रात में शिफ्ट कर दिया। पहले जम्मू तवी से रात 9 बजे चलने वाली ट्रेन अब सुबह 8:40 बजे रवाना होती है, जिससे सूरतगढ़ में इसका आगमन रात को हो रहा है। यह बदलाव एलएचबी कोच और परिचालन सुधार के लिए किया गया, लेकिन स्थानीय यात्रियों और व्यापारियों को असुविधा हो रही है। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन में संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष घनश्याम दास आहूजा, खुदरा किरियाना विक्रेता संघ के किशोर कुमार गाबा, वस्त्र विक्रेता संघ के राजकुमार छाबड़ा, केमिस्ट एसोसिएशन के अनिल सारस्वत, पवन कुमार तावनिया, आम आदमी पार्टी के राधेश्याम सारस्वत, न्यायिक बार संघ के विष्णु शर्मा, तेली समाज के हुसैन मोहम्मद तेली, जनरल मार्केट एसोसिएशन के ज्ञानचंद बजाज, पूर्व पार्षद सत्यनारायण छिंपा और किसान नेता इंद्रसेन गोदारा, आकाशदीप गाबा, डॉ. राजेश भाटी, सुरेंद्र भादू, प्रदीप शर्मा, पृथ्वीराज स्वामी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और कार्यकर्ता शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *