प्रतापगढ़ पुलिस ने छोटी सादड़ी थाना क्षेत्र में अवैध अफीम डोडाचूरा के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने 6 महीने से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबत सिंह और वृत्ताधिकारी गजेंद्र सिंह की भी मदद ली गई। थानाधिकारी प्रवीण टांक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धामनिया जागीर से सुनील(25) और मनीष(30) उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया। तस्करी का यह मामला 16 मार्च 2025 का है। पुलिस ने एक ईको गाड़ी से 12 कट्टों में 222.870 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया था। जांच में सामने आया कि यह डोडाचूरा धामनिया जागीर निवासी सुनील और मनीष से खरीदा गया था। पुलिस ने 20 सितंबर को दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ा। पुलिस जब्त किए गए डोडाचूरा के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।


