भोपाल चैंबर की वार्षिक सभा…ऑडिट रिपोर्ट पेश की:एफडीआर-बचत खाते में ₹1 करोड़; दिसंबर में शुरू होगी चुनावी प्रक्रिया

भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआई) की वार्षिक साधारण सभा शनिवार को हुई। इसमें अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली ने चैंबर की आय-व्यय समेत ऑडिट रिपोर्ट पेश की। चैंबर करोड़पति हो गया है। एफडीआर और बचत खाते में 1 करोड़ रुपए से ज्यादा जमा है। दिसंबर में चुनावी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। चैंबर की सभा में 200 से अधिक सदस्य शामिल हुए। अध्यक्ष पाली ने भोपाल चैंबर की सभी गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने साढ़े 3 वर्ष के अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि भोपाल चैंबर में उनके कार्यकाल के दौरान अभी तक लगभग 580 नए सदस्य बने। आगामी भोपाल चैंबर के चुनाव को ध्यान में रखते हुए आज की तारीख तक भोपाल चेंबर के पास लगभग 1850 सक्रिय सदस्य हैं। जिन्हें मतदान करने का अधिकार मिलेगा। उनके कार्यकाल के दौरान आज तक में सबसे ज्यादा राशि गतिविधि शुल्क एवं नवीन सदस्यता के रूप में एकत्रित की गई है। आज भोपाल चैंबर करोड़पति हो गया है, क्योंकि भोपाल चैंबर में 1 करोड़ 3 लाख 48 हजार रुपए आरक्षित है। अध्यक्ष ने कई सामाजिक एवं व्यापारिक समस्याओं के मुद्दों के बारे में भी अवगत करवाया। इसके बाद महामंत्री आदित्य मनिया जैन ने भी अपना उद्बोधन दिया। ऑडिट रिपोर्ट में दी जानकारी
वार्षिक साधारण सभा के एजेंडे में सबसे प्रमुख वित्त वर्ष 2024-25 का अंकेक्षण रिपोर्ट (ऑडिट रिपोर्ट) प्रस्तुत करना शामिल था। इस कार्य को चैंबर के कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार बांगड़ और चैंबर द्वारा चयनित चार्टर्ड अकाउंटेंट विनोद जोशी ने सदस्यों के समग्र विस्तार से ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत किया। जिन्होंने बजट रिपोर्ट को सर्वसम्मति से एक स्वर में ताली बजाकर अनुमोदित किया। पार्षद प्रियंका मिश्रा, हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, भोपाल केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र धाकड़ जी, जैन दिगंबर जैन मंदिर के अध्यक्ष बंगा भी मौजूद थे। संचालन मंत्री सुनील सिंघाई ने किया। ट्रैफिक व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर भी चर्चा
भोपाल चैंबर के कई सदस्यों ने चैंबर की कार्यप्रणाली पर अपना सुझाव एवं शिकायत भी दर्ज करवाई। पुराने भोपाल शहर की यातायात व्यवस्था एवं मल्टी लेवल पार्किंग की मांग से लेकर कमर्शियल लाइसेंस फीस की समस्याओं के बारे में भी चैंबर को अवगत करवाया। इसके पश्चात अध्यक्ष पाली ने स्पष्ट किया कि भोपाल चैंबर कई महीनों से इन समस्याओं के बारे में महापौर, सांसद के पास जा चुके हैं। जल्द ही ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत होगी। इधर, केमिस्ट एसोसिएशन ने जीएसटी पर कार्यशाला की
भोपाल केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र धाकड़ ने शनिवार को GST कार्यशाला का आयोजन किया। इसका उद्देश्य दवा कारोबार से जुड़े नवीनतम नियमों, जीएसटी प्रावधानों, दवा वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के विषय पर मार्गदर्शन करना रहा। कार्यशाला में मुख्य वक्ता टैक्स एंड ला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मृदुल आर्य थे। उन्होंने दवा उद्योग की चुनौतियों एवं अवसरों पर विस्तार से चर्चा की। जीएसटी से जुड़े ताजा बदलावों, दवा बिक्री की स्थिति, सुरक्षित और पारदर्शी दवा वितरण प्रणाली को लेकर विस्तृत जानकारी दी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं समय-समय पर आयोजित की जाती रहेंगी। ताकि सभी सदस्य को सही जानकारी प्राप्त कर अपने व्यवसाय में पारदर्शिता और गुणवत्ता को बनाए रख सकें। केमिस्टों को जहां भ्रम की स्थिति बन रही थीं। उन्होंने अपने सवाल मुख्य वक्ता नवनीत गर्ग से किए और उन्होंने सभी के सवालों का जवाब दिया। केमिस्ट एसोसिएशन के सचिव विवेक खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष सुहाग सिंह तोमर, संयुक्त सचिव विक्रम शेरवानी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष राहुल नाग्यच, सुनील गुप्ता आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *