रीवा में यूपी-एमपी बॉर्डर पर तेंदुए ने 48 घंटे से दहशत फैला रखी है। उसे पकड़ने के लिए वन विभाग लगातार कोशिश कर रहा है, लेकिन अब तक कामयाबी नहीं मिली। इधर, तेंदुए को अब तक न पकड़ पाने से नाराज भाजपा नेता ग्रामीणों के साथ मच्छरदानी लेकर उसे पकड़ने निकल पड़े। पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी ने कहा कि वन विभाग तेंदुए को पकड़ने में फेल हो चुका है। लोग डरकर जी रहे हैं। इसलिए हम सब खुद मोर्चा संभालेंगे। तेंदुआ अब तक 4 ग्रामीणों पर हमला कर घायल कर चुका है। पूर्व विधायक बोले- मुझसे देखा नहीं गया मेरा इन लोगों से बहुत पुराना नाता है। इसमें अधिकांश कोल आदिवासी समाज के लोग हैं। लेकिन जिस तरह से ये अपना जीवन डर में बिता रहे हैं। मुझसे देखा नहीं गया, जिस वजह से आज मैं खुद जाल लेकर तेंदुए को पकड़ने पहुंचा हूं। चार ग्रामीणों पर तेंदुए ने किया था हमला
बता दें कि शुक्रवार को रोज की तरह 4 ग्रामीण यूपी से सटे जनेह थाना क्षेत्र के खदिलवाल गांव में अपने खेत में जा रहे थे। इसी दौरान वहां छिपकर बैठे तेंदुए ने उनपर हमला कर दिया। लोगों को पास ही के शंकरगढ़ अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद से तेंदुए को खोजने पुलिस और वन विभाग की टीम 48 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है। टीआई ने कहा-घायलों की हालत स्थिर
थाना प्रभारी कन्हैया बघेल ने बताया कि तेंदुआ सरसों के एक खेत में घात लगाकर बैठा था। हमले में चार लोग घायल हुए हैं। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। घायलों में रामसागर कोल (55), भैरव प्रसाद कोल (50), सूरज कोल (16), बृजलाल कोल (57) शामिल हैं। एसपी ने कहा-गांवों में अलर्ट जारी किया
एडिशनल एसपी विवेक लाल ने बताया कि वन विभाग और पुलिस की टीम लगातार तेंदुए की तलाश कर रही है। घटनास्थल और आसपास के गांव में लोगों को सतर्क रहने की सूचना दे दी गई है। जबकि घायलों का इलाज चल रहा है।


