बड़वानी में भाजपा सिलावद मंडल अध्यक्ष अजय यादव पर महिला पुलिस कॉन्स्टेबल द्वारा लगाए गए छेड़छाड़ के आरोप में कांग्रेस ने स्थिति स्पष्ट की है। जिलाध्यक्ष नानेश चौधरी और विधायक राजन मंडलोई ने शनिवार शाम को प्रेसवार्ता में कहा कि यह मामला सिर्फ भाजपा नेता और पीड़िता के बीच है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पीड़ित ने सीधे पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने एएसपी को आवेदन देकर पीड़ित की सुरक्षा के लिए उसे अन्य जिले में स्थानांतरित करने की मांग की है। साथ ही मामले की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की अपील की है। भाजपा ने राजनीतिक षड्यंत्र बताया भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय यादव ने एक वीडियो जारी कर आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक षड्यंत्र है। घटना 17 तारीख की बताई गई है और शिकायत 24 घंटे बाद दर्ज कराई गई। यादव ने कहा कि उन्होंने महिला आरक्षक से कोई छेड़छाड़ नहीं की। यादव ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि वे आदिवासियों के उत्थान के लिए काम करते रहे हैं। उनका आरोप है कि कांग्रेस और कुछ संगठन उन्हें झूठे केस में फंसा रहे हैं।


