केंद्रीय विद्यालय के छात्रों को दी संस्कारों की सीख:कलेक्टर बोले- गुरु-शिष्य का संबंध शरीर व आत्मा का होता, तभी नवयुग बनता है

भिंड में भारत विकास परिषद शाखा द्वारा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने गुरु-शिष्य के संबंध को केवल शिक्षा तक सीमित न मानते हुए इसे जीवन मूल्यों, संस्कारों और दिशा निर्धारण का आधार बताया। संजीव श्रीवास्तव ने कहा कि आज के छात्र देश के नवनिर्माता हैं और सभी को देश व मातृभूमि की सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने भ्रष्टाचार के आगे कभी झुकने से मना किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण से हुआ। परिषद अध्यक्ष द्वारा संगठन के पांच सूत्र- संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण पर प्रकाश डाला गया। संरक्षक डॉ. विनोद सक्सेना ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति की दिशा तय करती है, वहीं संस्कार उसके जीवन का सार हैं। दोनों का समन्वय परिवार, समाज और देश के विकास की नींव है। सम्मान और प्रेरणा
विद्यालय परिवार के 25 उत्कृष्ट विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र व मेडल से सम्मानित किया गया। साथ ही 45 शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी सम्मानित किया गया, जबकि अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। रेखा भदौरिया ने बच्चों को जीत और संघर्ष की कहानियों से प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम का संचालन शाखा सचिव राजमणि शर्मा ने किया और आभार प्राचार्य अजय कुमार सक्सेना ने व्यक्त किया। अंत में राष्ट्रीय गान के साथ गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें सभी ने गुरुओं के सम्मान और सदाचार की शपथ ली। लगभग 500 से अधिक छात्र-छात्राएं इस कार्यक्रम में शामिल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *