रीवा के सेमरिया से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने सांसद जनार्दन मिश्रा को अपने विधानसभा के बच्चों को नहलाने के लिए न्योता भेजा है। यह न्योता उन्होंने शनिवार रात तब भेजा,जब कुछ दिन पहले ही सांसद के द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के तहत बच्चों को रगड़ रगड़ कर नहलाया गया था। एक तरह से सेमरिया विधायक ने सांसद पर तंज कसा है। विधायक ने सेमरिया विधानसभा के बच्चों को नहलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मेरे विधानसभा के कुछ बच्चे 4 दिन से नहीं नहा रहे हैं। वे कह रहे हैं कि हम सांसद जी के हाथ से ही नहाएंगे। वे बहुत अच्छे से नहलाते हैं। इसलिए सांसद जनार्दन मिश्रा से अनुरोध है कि एक दिन समय निकालकर के हमारे विधानसभा में भी बच्चों को नहला दिया जाए तो उनकी इच्छा पूरी हो जाए। हालांकि बाद में उन्होंने सांसद की तारीफ भी की। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि हमारे सांसद के पीछे ज्यादा मत पड़िए। सांसद जी को दूधी भाती,,सांसद जी फक्कड़ आदमी हैं। वो बीच बीच में मजा लगवाते रहते हैं। सांसद बढ़िया मजेदार आदमी हैं। सेवा पखवाड़ा में सांसद ने दिया था स्वच्छता संदेश
दरअसल रीवा में सेवा पखवाड़ा के तहत इस बार सांसद रीवा जिले के बड़ागांव पंचायत पहुंचे। जहां उन्होंने गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को नहलाया-धुलाया। उनके नाखून काटे और कपड़े धोकर स्वच्छता का संदेश दिया। सांसद की इस पहल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, और लोग उनकी सादगीपूर्ण जीवनशैली और सेवा भाव की जमकर सराहना कर रहे हैं। बड़ागांव पंचायत में मुसहर समाज के बच्चों से मिलने पहुंचे भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने सबसे पहले बच्चों को बड़े प्यार से नहलाया। धूल-मिट्टी से सने कपड़े उतारकर साफ पानी से नहला-धुलाकर उन्हें साफ-सुथरा बनाया। इसके बाद उन्होंने बच्चों के लंबे नाखून काटे और उनके कपड़े भी धोए।


