मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक चरवाहे की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। मृतक रामपुर गांव के रामचुआ निवासी रामसुमेर गोंड (55) हैं। शाम करीब 4 बजे क्षेत्र में आंधी-तूफान और हल्की बारिश शुरू हुई। रामसुमेर गांव की गोशाला की गायों को चराने खेत में गए थे। मौसम खराब होने पर वे एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। शाम 5 बजे तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली पेड़ के पास गिरी। रामसुमेर इसकी चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय पास मौजूद बैजनाथ साकेत ने लोगों को सूचना दी। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी भेजा गया है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।


