ज्वैलर के बेटे का अपहरण, फिरौती में 100 ग्राम सोना:जबलपुर में अपहरणकर्ताओं ने सोना लेकर हाईवे पर फेंका; बंधक बनाकर पीटा भी

जबलपुर में सराफा व्यापारी के बेटे का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। बदमाशों ने उसे कई घंटे तक जंगल में बंधक बनाकर रखा और पीटा भी। बंदूक दिखाकर पिता को वीडियो कॉल पर धमकाया। इसके बाद फिरौती में 100 ग्राम सोना लेकर उसे हाईवे पर फेंककर भाग गए। घटना गुरुवार शाम 5 बजे की है। करीब 6 घंटे तक बदमाशों के चंगुल में रहने के बाद व्यापारी का बेटा खुद थाने पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को युवक की शिकायत के बाद अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मारपीट, अपहरण और लूट का मामला दर्ज कर लिया है। दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में बदमाश कैद हो गए। पिता के साथ दुकान में बैठता है बेटा
सराफा व्यापारी राजाराम सोनी की सुनरहाई में सोने-चांदी की दुकान है। दुकान पर उनका बेटा अंकित सोनी भी साथ में बैठता है। शुक्रवार शाम 5 बजे एक युवक दुकान पर पहुंचा। उसने अपना नाम राजू बताया। उसने कहा कि हमें कुछ जेवरात गलाने हैं। बरेला के पास घर है, चलकर देख लो। इस पर अंकित ने साथ में जाने से मना कर दिया। युवक ने बातों में फंसाया, अपने साथ में ले गया
युवक ने अंकित से कहा कि 6 महीने पहले भोलू सोनी जो तुम्हारे दोस्त हैं। उनके जरिए मुलाकात हुई थी। तब आपने कुछ सोने-चांदी का सामान गलाकर उन्हें दिया था। अंकित बदमाश की बातों में आ गया। वह उसे अपने साथ ले गया। रास्ते में दो और बदमाश लड़के उनके साथ हो लिए। करीब पौन घंटे बाद वह सभी बरेला नहर के पास पहुंचे। बदमाशों ने अंकित की बाइक को धक्का मारकर गिरा दिया। दो और लड़के वहां पहुंचे। पांचों ने मिलकर अंकित के हाथ-पैर बांधे और जमकर पीटा। बेटे के फोन से पिता से फिरौती मांगी
बदमाशों ने अंकित के मोबाइल से उसके पिता राजाराम सोनी को फोन लगाया। वीडियो कॉल पर बदमाशों ने कहा कि बेटे को जिंदा देखना चाहते हो तो 10 लाख रुपए और 100 ग्राम सोने के जेवर लेकर बरेला नहर आ जाओ। सराफा व्यापारी ने कहा कि जेवरात और पैसे दुकान में ही रखे हैं। चाबी अंकित के पास है। बेटा बोला- फिरौती दे दो, नहीं तो मार डालेंगे
बदमाश बार-बार अंकित के पिता को कॉल कर रहे थे। अंकित ने पिता से कहा कि ये लोग जो भी मांग रहे हैं, दे दो नहीं तो ये जान से खत्म कर देंगे। जब बदमाशों को पता चला कि दुकान की चाबी अंकित के पास है तो दो बदमाश चाबी लेकर सुनरहाई पहुंचे। यहां अंकित के पिता राजाराम सोनी खड़े हुए थे। बदमाश राजराम सोनी के साथ दुकान के अंदर घुस गए, जहां कट्टा अड़ाकर दुकान की सर्चिंग की। करीब 100 ग्राम जेवरात और चाबी अपने साथ ले गए। व्यापारी को धमकाया कि पुलिस को सूचना दी तो बेटा जिंदा नहीं बचेगा। पीड़ित का बदमाशों ने बनाया वीडियो
सुनरहाई की दुकान से जेवरात लेने के बाद दोनों बदमाश फिर बरेला नहर के पास पहुंचे। यहां सभी ने शराब पी और अंकित के साथ मारपीट की। रात करीब 10 बजे उसे हाईवे पर पटक दिया। कहा कि घर पहुंचने से पहले पुलिस या फिर परिवार वालों से कुछ भी बात की तो जिंदा नहीं रहोगे। जाते-जाते बदमाशों ने अंकित के पास रखी दुकान की चाबी और करीब साढ़े छह हजार रुपए लेकर फरार हो गए। गोराबाजार थाने पहुंचकर पिता को किया कॉल
अधमरी हालत में अंकित किसी तरह गोराबाजार थाने पहुंचा। यहां पुलिस को घटना की जानकारी दी। बाद में कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। मारपीट और डर की वजह से वह कुछ नहीं बोल रहा था। शुक्रवार को जब अंकित की हालत में सुधार आया तब उसके बयान दर्ज किए गए।
कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्रिवेदी का कहना है कि अंकित सोनी के बयान दर्ज किए गए हैं। उसने बताया है कि कुछ लोग धोखे से उसको अपने साथ ले गए थे। जहां ना सिर्फ नग्न करते हुए उसके साथ मारपीट की गई, बल्कि पिता को वीडियो काल कर पिस्टल से धमकाते हुए कहा गया कि अगर हमारी मांग नहीं मानी गई तो बेटे को जान से खत्म कर देगें। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *