शाजापुर जिले में शनिवार शाम मौसम में अचानक बदलाव आया। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। सुबह से आसमान में काले बादल छाए रहे। बीच-बीच में तेज धूप भी निकली। दिन का अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री रहा। दोपहर में ग्रामीण क्षेत्रों में भी भारी बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि 27 सितंबर तक ऐसा ही मौसम रहेगा। शाम को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि 4 अक्टूबर तक मानसून पूरी तरह विदा ले सकता है। इस साल शाजापुर जिले में बारिश सामान्य से कम रही। 1 जून से 20 सितंबर तक जिले में औसतन 25 इंच बारिश हुई। सामान्य औसत वर्षा 38.89 इंच होती है। तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार, शाजापुर में 26 इंच, मोहन बड़ोदिया में 30 इंच, गुलाना और शुजालपुर में 27-27 इंच बारिश हुई। कालापीपल में 28 इंच, अवंतीपुर बड़ोदिया में 16 इंच और पोलायकलां में 17 इंच वर्षा दर्ज की गई।


