लुधियाना| शिव चौक, कैंसर अस्पताल के नजदीक 13 सितंबर की रात करीब 10 बजे फ्लिपकार्ट डिलीवरी ब्वॉय को दो बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया। पीड़ित रविकांत निवासी कैलाश नगर, शेरपुर ने बताया कि डिलीवरी का काम खत्म कर वह घर लौट रहा था, तभी दो बाइक सवार उसका पीछा करने लगे। शिव चौक के पास सुनसान जगह में दोनों हमलावरों ने रविकांत को रोककर लोहे की रॉड से हमला किया। मारपीट में उसका घुटना टूट गया। बदमाश पर्स समेत 5 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। घायल रविकांत किसी तरह सिविल अस्पताल पहुंचा। घटना की जानकारी मिलते ही थाना मोती नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


