बाढ़ की आड़ में प्रोजेक्ट आगे खिसके… शहर से शुरू होने वाले हाईवे पर सफर 2-3 साल दूर

लुधियाना-रोपड़ और लुधियाना-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग भारतमाला परियोजना के तहत बनाए जाने हैं। लेकिन पिछले चार सालों से ये प्रोजेक्ट अभी तक पूरे नहीं हो पाए हैं। हैरान करने वाली बात ये है कि लुधियाना-रोपड़ हाईवे का प्रोजेक्ट बंद हो चुका है। क्योंकि एनएचएआई और कांट्रेक्टर के बीच विवाद होने पर ये प्रोजेक्ट पिछले डेढ़ साल से बंद है। वहीं, लुधियाना-बठिंडा प्रोजेक्ट के तहत पैकेज 2 में निर्माण कार्य अभी तक शुरू हुआ है, जिससे ये प्रोजेक्ट 3 साल के लिए और लटक गया है। यही बस नहीं, लुधियाना से होकर गुजर रहे दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेस-वे प्रोजेक्ट भी अपनी तय तारीख पर पूरे होने की बजाय, ये समय सीमा 31 मार्च 2026 तक आगे बढ़ा चुकी है। इससे साफ जाहिर है कि लुधियानावासियों को नेशनल हाइवे के बड़े प्रोजेक्ट को 3 साल के बाद लाभ मिल सकेगा। इनमें से कई प्रोजेक्ट्स को बाढ़ के नाम पर आगे बढ़ाया जा रहा है। केस-1… 4 पुलों का काम आगे बढ़ गया सिधवां नहर पर लाडोवाल बाईपास पर चार पुलों का निर्माण एनएचएआई करवा रहा है। इसके काम में भी देरी हो चुकी है। पहले अगस्त में ये प्रोजेक्ट पूरा करने की डेडलाइन तय की गई थी। अब अक्तूबर में चारों पुलों का काम पूरा करके इन्हें शुरू करने के लिए एनएचएआई ने डेडलाइन तय की है। इससे जनता को बड़ी राहत होगी, क्योंकि सिधवां नहर पर साउथ सिटी एरिया में ट्रैफिक जाम की बड़ी दिक्कत है। केस-2… लुधियाना-रोपड़ हाईवे पैकेज-1 के तहत लुधियाना रेंज में 37.7 किमी का हाइवे बनना है। इस हिस्से में सिर्फ15 फीसदी काम पूरा हो पाया है। जबकि पिछले डेढ़ साल से काम बंद है। पहले काम जमीन न मिलने के कारण लटका हुआ था, लेकिन पिछले साल ही पूरी जमीन का कब्जा मिलने के बाद भी कांट्रेक्टर ने काम शुरू नहीं किया और आर्बिटेशन में चला गया। ऐसे में इस हिस्से में अब निर्माण कार्य तभी शुरू हो सकेगा, जब कोर्ट का फैसला आएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अगर फैसला इसी साल में हो जाएगा तो इस पूरे प्रोजेक्ट को पूरा करने में दो साल का समय लगेगा। केस-3… लुधियाना-बठिंडा प्रोजेक्ट पेकेज-1 में भी निर्माण कार्य काफी देरी से शुरू हुआ। अब इस पर 60 फीसदी हाईवे बनाया जा चुका है। प्रोजेक्ट को पूरा करने की डेडलाइन सितंबर 2025 थी, लेकिन अब नई डेडलाइन मार्च 2026 तय की गई है। लुधियाना के ही हिस्से में पैकेज-2 का निर्माण कार्य अभी तक शुरू ही नहीं हो पाया है। भले ही पैकेज-1 मार्च 2026 में पूरा कर लिया जाएगा, परंतु पैकेज-2 के निर्माण को शुरू करने के बाद 2 साल में प्रोजेक्ट पूरा किया जाना है। यानि लुधियाना-बठिंडा हाईवे का लाभ भी लुधियाना वासियों को आगामी 2 साल के बाद ही मिल पाएगा। केस-4… दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस-वे दिल्ली से अमृतसर और जम्मू-कटड़ा के लिए एक्सप्रेस-वे का निर्माण चल रहा है। ये एक्सप्रेस-वे लुधियाना से होकर गुजर रहा है। जिले के अधीन 2 पैकेज आते हैं। जिसके निर्माण में देरी हो चुकी है। पहले लुधियाना हिस्से में एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य दिसंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब विभाग के अधिकारियों ने बाढ़ के कारण आई रूकावट को देखते हुए नई समय सीमा मार्च 2026 तय की गई है। बाढ़ के कारण मिट्टी और रेत की किल्लत आने पर प्रोजेक्ट के काम में देरी होना भी बताया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *